बुलेटप्रूफ गाड़ी से गांव पहुंचा अमृतपाल सिंह, दादी की अंतिम यात्रा में हुआ शामिल

HIGHLIGHTS
- अमृतपाल सिंह शनिवार को तीन घंटे की कस्टडी पैरोल पर अमृतसर पहुंचा।
- दिल्ली से एयर इंडिया की फ्लाइट के जरिए सुबह 8:30 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचा।
- एयरपोर्ट पर कार्गो साइड में बनाए गए सेफ जोन में रखा गया।
अमृतसर। खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा पहुंच गए। तीन घंटे की कस्टडी पैरोल पर अमृतसर पहुंचे अमृतपाल को पुलिस बुलेटप्रूफ वाहन से गांव लेकर गई। वहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे और उसे सुरक्षा घेरे में रखा गया।
अमृतपाल सिंह अपने पैतृक घर से दादी की अंतिम यात्रा में शामिल हुआ। दादी चरण कौर का पार्थिव शरीर ट्रॉली पर रखा गया था। अमृतपाल भी उसी ट्रॉली पर सवार हुआ। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने ह्यूमन चेन बनाकर ट्रॉली को चारों ओर से घेर रखा था।
बता दें कि अमृतपाल सिंह शनिवार सुबह श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, अमृतसर पहुंचा था। उसकी सुरक्षा को देखते हुए एयरपोर्ट परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
अमृतपाल सिंह को एयरपोर्ट की कार्गो साइड में बनाए गए सेफ जोन में रखा गया था। उसके पहुंचने से पहले ही एयरपोर्ट के बाहर भी भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई थी।
सुरक्षा के कड़े प्रबंध
अदालत ने अमृतपाल सिंह को शनिवार दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तीन घंटे की कस्टडी पैरोल दी है। इस अवधि में वह पुलिस हिरासत में ही रहेगा। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस उसे वापस डिब्रूगढ़ जेल ले जाने की कार्रवाई करेगी। गांव और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
अमृतपाल के पहुंचने से पहले ही गांव जल्लूपुर खेड़ा में उसकी दादी के अंतिम संस्कार के लिए चिता तैयार कर ली गई थी। इस दौरान आसपास के गांवों से भी लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार को लेकर गांव में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। वहीं, रागी सिंहों की ओर से शबद कीर्तन किया जा रहा है।
हाई रिस्क कैदी की श्रेणी में अमृतपाल
बता दें कि असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल से अमृतपाल सिंह अमृतसर पहुंचा है। उसे अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए तीन घंटे की पैरोल मिली है। अमृतपाल को 'हाई रिस्क कैदी' की श्रेणी में रखा गया है। इसी को देखते हुए डिब्रूगढ़, दिल्ली और अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
शनिवार सुबह 7:15 बजे वह दिल्ली के टर्मिनल-3 से एयर इंडिया की फ्लाइट में रवाना हुआ और सुबह 8:30 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचा। अमृतसर जिले के अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद उसे शाम 6:35 बजे एयर इंडिया की फ्लाइट से वापस नई दिल्ली लाया जाएगा। यह विमान रात 7:50 बजे दिल्ली पहुंचेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.