बिहार के अरवल में तेज बहाव में फंसी बस, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

HIGHLIGHTS
- पुनपुन नदी का जलस्तर बढ़ने से कई गांव बाढ़ से घिर गए हैं।
- हरिओम बस में करीब दर्जन भर यात्री सवार थे।
- बस का एक पहिया सड़क से नीचे पानी में उतर गया था।
अरवल। पुनपुन नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण मंगलवार रात सोनभद्र वंशी सूर्यपुर प्रखंड के कई गांव बाढ़ के पानी से घिर गए।
गांवों के साथ प्रमुख मार्गों पर भी बाढ़ का पानी फैल गया है। बुधवार को सोनभद्र से गया जा रही हरिओम नाम की यात्री बस डूबने से बाल-बाल बच गई। बस का एक पहिया सड़क से नीचे पानी में उतर गया था।
चालक ने तुरंत ब्रेक लगाकर किसी तरह बस को नियंत्रित किया। बस में सवार यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। बस में करीब दर्जन भर यात्री सवार थे।
इसके बाद सभी यात्री सुरक्षित अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। ग्रामीणों ने बस को विद्युत तार के सहारे एक पेड़ से बांध दिया, ताकि पानी के तेज बहाव में बस बहकर दूर न चली जाए।
सोनभद्र-शादीपुर वाया मानिकपुर पथ पर शादीपुर गांव के पास करीब छह फीट पानी सड़क पर बह रहा है। तेज बहाव के कारण इस मार्ग पर आवागमन बाधित है। इसके बावजूद चालक बस लेकर इस रास्ते से गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा होते-होते बच गया।
सोनभद्र वंशी सूर्यपुर प्रखंड के लगभग सभी प्रमुख मार्गों पर बाढ़ का पानी फैल जाने से पड़ोसी प्रखंड करपी और कुर्था से संपर्क पूरी तरह टूट गया है।
गया और औरंगाबाद से टूटा संपर्क
पड़ोसी जिलों गया और औरंगाबाद से भी सड़क संपर्क टूट गया है। इससे क्षेत्र के लोगों की परेशानी काफी बढ़ गई है। शादीपुर गांव के लोगों के लिए गांव से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। पुनपुन नदी के आसपास बसे गांव पूरी तरह बाढ़ की चपेट में आ गए हैं।
अधिकांश गांवों को जोड़ने वाली सड़कों पर पानी की तेज धारा बह रही है। करपी और कुर्था से संपर्क टूटने के साथ गया और औरंगाबाद जिलों से भी आवागमन बाधित हो गया है।
इस स्थिति के कारण रोजमर्रा की जरूरतों के सामान, चिकित्सा सुविधा और अन्य जरूरी कामों के लिए लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाढ़ के पानी से प्रखंड के अधिकांश विद्यालय भी घिर गए हैं।
कई स्कूलों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। वहीं, कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित है। लगातार बनी बाढ़ की गंभीर स्थिति से ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.