CBSE री-एग्जाम पॉलिसी से चमकी कामरान की किस्मत, 96% से बढ़कर आए 99.4% अंक

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के छात्र कामरान अहमद ने CBSE री-एग्जाम में 99.4 प्रतिशत अंक हासिल कर ऑल इंडिया में तीसरी रैंक प्राप्त की।
- पहले परिणाम में 96 प्रतिशत अंक आने के बाद कामरान ने दोबारा परीक्षा देकर अपनी मेहनत से शानदार प्रदर्शन किया।
- माउंट लिटरा ज़ी स्कूल के छात्र कामरान को स्कूल प्रबंधन ने 11 हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया, मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने भी दी बधाई।
मुजफ्फरनगर। हाई स्कूल के छात्र कामरान अहमद के लिए CBSE की नई री-एग्जाम पॉलिसी सफलता का जरिया बन गई। पहले घोषित हुए परिणाम में कामरान को 96 प्रतिशत अंक मिले थे। इसके बाद उन्होंने निराश होने के बजाय दोबारा परीक्षा देने का फैसला किया। री-एग्जाम का परिणाम आने पर उनके अंक बढ़कर 99.4 प्रतिशत हो गए। शानदार प्रदर्शन के साथ कामरान ने ऑल इंडिया में तीसरी रैंक हासिल कर जिले और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया।
शहर के प्रतिष्ठित माउंट लिटरा ज़ी स्कूल के छात्र और खालसा पट्टी, सुजड़ू निवासी कामरान की इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे जिले में खुशी का माहौल है। सोमवार को स्कूल प्रबंधन की ओर से उन्हें 11 हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया।
कामरान ने बताया कि पहले परिणाम में उन्हें 96 प्रतिशत अंक मिले थे, लेकिन उन्हें लगा कि उनकी मेहनत के हिसाब से अंक नहीं आए हैं। इसी बीच CBSE की नई परीक्षा नीति के तहत उन्हें दोबारा परीक्षा देने का अवसर मिला, जिसका उन्होंने लाभ उठाया।
कामरान का कहना है कि उनकी सफलता के पीछे किसी कोचिंग का नहीं, बल्कि नियमित पढ़ाई और आत्मविश्वास का योगदान है। वह रोजाना 7 से 8 घंटे पढ़ाई करते हैं और मोबाइल का इस्तेमाल भी केवल पढ़ाई के लिए औसतन एक घंटे तक करते हैं।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और माउंट लिटरा ज़ी स्कूल के पूरे स्टाफ को दिया। कामरान ने कहा कि परिवार और शिक्षकों के लगातार मार्गदर्शन ने उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कामरान की मां आयशा ने बताया कि उनके बेटे ने बिना किसी ट्यूशन के अपनी मेहनत और अनुशासन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि कामरान शुरू से ही पढ़ाई को लेकर गंभीर रहा है और उसकी मेहनत का परिणाम आज पूरे परिवार के लिए गर्व का विषय बन गया है।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि कामरान शुरुआत से ही अनुशासित और मेधावी छात्र रहे हैं। उनकी यह उपलब्धि न सिर्फ स्कूल बल्कि पूरे जिले के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है।
वहीं, योगी सरकार के मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने भी रविवार को अपने आवास पर कामरान को बुलाकर शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.