पति से ज्यादा कमाती थी पत्नी, फिर भी मांगा गुजारा भत्ता; कलकत्ता हाई कोर्ट ने रद्द किया आदेश

HIGHLIGHTS
- कलकत्ता हाई कोर्ट ने पत्नी को अंतरिम गुजारा भत्ता देने का आदेश रद्द किया।
- महिला ने खुद को बेरोजगार बताकर हर महीने 1.80 लाख रुपये गुजारा भत्ता मांगा था।
- अलीपुर अदालत ने वर्ष 2024 में पति को हर महीने 45 हजार रुपये देने का आदेश दिया था।
कोलकाता। पति से अधिक आय होने के बावजूद खुद को बेरोजगार बताकर गुजारा भत्ता मांगना एक महिला के लिए भारी पड़ गया। कलकत्ता हाई कोर्ट ने पत्नी को अंतरिम गुजारा भत्ता देने के अलीपुर अदालत के फैसले को रद्द कर दिया है।
इसके साथ ही अपनी वास्तविक कमाई की जानकारी छिपाकर अदालत को गुमराह करने के मामले में महिला पर 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। न्यायमूर्ति चैताली चट्टोपाध्याय दास ने बुधवार को यह फैसला सुनाया।
मामले के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच कई वर्षों से वैवाहिक विवाद चल रहा है। पत्नी ने 5 अप्रैल 2022 को अलीपुर अदालत में याचिका दाखिल कर पति से गुजारा भत्ता दिलाने की मांग की थी। उसने अदालत को बताया था कि उसकी कोई आमदनी नहीं है और वह आर्थिक जरूरतों के लिए पति पर निर्भर है।
महिला ने इसी आधार पर हर महीने 1.80 लाख रुपये गुजारा भत्ता देने की मांग की थी। वर्ष 2024 में अलीपुर अदालत ने पति को पत्नी के लिए हर महीने 45 हजार रुपये अंतरिम गुजारा भत्ता देने का आदेश दिया था। पति ने इस फैसले को कलकत्ता हाई कोर्ट में चुनौती दी।
अगस्त में पत्नी की सैलरी 1.75 लाख रुपये थी
पति के वकील अरिंदम जाना ने हाई कोर्ट में बताया कि पत्नी नौकरी करती है, लेकिन उसने अपनी वास्तविक आय अदालत से छिपाई है। सुनवाई के दौरान जानकारी सामने आई कि महिला बेंगलुरु की एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करती है।
अगस्त 2026 में महिला का मासिक वेतन करीब 1,75,594 रुपये था, जबकि उसके पति की महीने की आय लगभग 1.15 लाख रुपये है। न्यायमूर्ति ने यह भी उल्लेख किया कि पत्नी बीटेक और एमसीए की डिग्रीधारक है।
अदालत ने कहा कि ऐसी शैक्षणिक योग्यता रखने वाली महिला का यह दावा करना उचित नहीं है कि उसे अपने वकील की ओर से अदालत में दाखिल हलफनामे में दर्ज तथ्यों की जानकारी नहीं थी। हाई कोर्ट ने माना कि महिला ने जानबूझकर अपनी वास्तविक आय छिपाई।
अदालत को गुमराह करने पर 20 हजार का जुर्माना
पत्नी की ओर से सफाई दी गई कि अधिवक्ता के साथ गलतफहमी के चलते उसकी कमाई के संबंध में गलत जानकारी अदालत के सामने पहुंच गई थी। हालांकि, हाई कोर्ट ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया।
न्यायमूर्ति ने टिप्पणी की कि महिला ने खुद को बेरोजगार बताकर गुजारा भत्ता हासिल करने का प्रयास किया, जो अदालत को गुमराह करने वाला व्यवहार है।
इसके बाद हाई कोर्ट ने अलीपुर अदालत के अंतरिम गुजारा भत्ता देने के आदेश को रद्द कर दिया। अब पति को पत्नी को हर महीने 45 हजार रुपये देने की बाध्यता नहीं होगी। इसके अलावा अदालत ने महिला पर 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.