हिमाचल के संघणी बाजार में भीषण अग्निकांड, कई दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान

HIGHLIGHTS
- हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के संघणी बाजार में वीरवार तड़के आग लगी।
- आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
- एक के बाद एक कई दुकानें आग की चपेट में आईं।
चंबा। हिमाचल प्रदेश के सलूणी उपमंडल के संघणी बाजार में वीरवार तड़के अचानक आग लगने से कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। आग ने कुछ ही देर में भीषण रूप ले लिया और एक के बाद एक कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
इस अग्निकांड में दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दुकानों में रखा सामान जलकर राख होने से प्रभावित दुकानदारों के सामने परिवार का पालन-पोषण करने का संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के मुताबिक, वीरवार तड़के जब इलाके के लोग गहरी नींद में सो रहे थे, उसी दौरान संघणी बाजार की एक दुकान से आग की लपटें उठने लगीं। आग तेजी से फैलती चली गई और आसपास की दुकानों तक पहुंच गई। हालात इतने गंभीर हो गए कि दुकानदारों को संभलने और दुकानों में रखा कीमती सामान बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिला।
आग लगने की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू की और दमकल विभाग सलूणी को भी इसकी सूचना दी।
दमकल विभाग की टीम ने आग पर पाया काबू
सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दमकल कर्मियों के पहुंचने तक कई दुकानें और उनमें रखा पूरा सामान जलकर राख हो चुका था।
अग्निकांड के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। प्रभावित दुकानदारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनका कहना है कि इन दुकानों से ही उनके परिवारों का गुजारा चलता था।
दुकानों में रखा सारा सामान जल जाने के बाद अब उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों और प्रभावित दुकानदारों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मौके पर अधिकारियों की टीम भेजकर नुकसान का आकलन करवाया जाए और पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.