तहव्वुर राणा को परिवार से बात करने की मिली इजाजत, दो तारीखों पर कर सकेगा वीडियो कॉल

HIGHLIGHTS
- दिल्ली की विशेष एनआईए अदालत ने तहव्वुर राणा को वीडियो कॉल की अनुमति दी।
- राणा 14 दिसंबर 2026 और 4 जनवरी 2027 को परिवार से बात कर सकेगा।
- दोनों वीडियो कॉल के लिए 10-10 मिनट का समय निर्धारित किया गया है।
26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा को दिल्ली की विशेष एनआईए अदालत से वीडियो कॉल करने की अनुमति मिल गई है। अदालत ने उसे अपनी नवजात पोती और परिवार के सदस्यों से बातचीत करने की इजाजत दी है। यह आदेश 2008 के मुंबई आतंकी हमले की 18वीं बरसी से ठीक एक दिन पहले बुधवार को जारी किया गया।
कब कर सकेगा परिवार से वीडियो कॉल?
विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद राणा को वीडियो कॉल की अनुमति दी। अदालत के आदेश के मुताबिक, तिहाड़ जेल में बंद राणा 14 दिसंबर 2026 और 4 जनवरी 2027 को अपने परिवार से वीडियो कॉल पर बात कर सकेगा। दोनों दिन कॉल के लिए 10-10 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। यह बातचीत शाम 6 बजे से 7 बजे के बीच कराई जाएगी।
वीडियो कॉल के लिए अदालत ने रखीं सख्त शर्तें
अदालत ने वीडियो कॉल को लेकर कुछ शर्तें भी तय की हैं। इसके तहत पूरी बातचीत जेल अधीक्षक की निगरानी में होगी और कॉल की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाएगी।
कॉल शुरू होने पर जेल अधीक्षक पहले दूसरी तरफ फोन करके 'हैलो' कहेंगे। दूसरी ओर से जवाब मिलने के बाद ही फोन राणा को दिया जाएगा। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि राणा भविष्य में इसी आधार पर दोबारा वीडियो कॉल की सुविधा देने की मांग नहीं कर सकेगा।
राणा ने किन तारीखों के लिए मांगी थी अनुमति?
तहव्वुर राणा के वकील निशांत सिंह ने अदालत में याचिका दाखिल कर वीडियो कॉल की अनुमति मांगी थी। अर्जी में 27 नवंबर (थैंक्सगिविंग डे), 26 दिसंबर (क्रिसमस सप्ताह) और 2 जनवरी (नए साल का सप्ताह) को अमेरिका में रह रहे परिवार के सदस्यों से वीडियो कॉल पर बात कराने की मांग की गई थी।
वकील ने दलील दी थी कि राणा 10 अप्रैल 2025 से हिरासत में है और तब से उसने अपने परिवार के सदस्यों के साथ अपनी नवजात पोती को भी नहीं देखा है। हालांकि, उसे जेल में सामान्य फोन कॉल करने की सुविधा उपलब्ध है।
एनआईए ने वीडियो कॉल की मांग का किया विरोध
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने राणा की याचिका का विरोध किया था। एजेंसी की ओर से दलील दी गई कि हिरासत में रहने वाले किसी आरोपी को वीडियो कॉल करने का कानूनी अधिकार प्राप्त नहीं है। इसी आधार पर एनआईए ने अदालत से उसकी याचिका खारिज करने की मांग की थी।
तिहाड़ जेल की हाई-सिक्योरिटी सेल में बंद है राणा
तहव्वुर हुसैन राणा अमेरिका में 14 साल की सजा काट चुका है। साल 2025 में उसे अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किया गया था। इसके बाद से वह 10 अप्रैल 2025 से दिल्ली की तिहाड़ जेल की हाई-सिक्योरिटी सेल में बंद है।
इस मामले में एनआईए अपनी दूसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। वहीं, अदालत में अगले महीने मामले में आरोप तय करने (आर्गुमेंट्स ऑन चार्ज) को लेकर सुनवाई होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.