चीनी की कीमतों में फिर उछाल, एक महीने में 6% तक बढ़े दाम; आयात की तैयारी में सरकार

HIGHLIGHTS
- एक महीने में खुदरा और थोक बाजार में चीनी की कीमतें करीब 6 प्रतिशत बढ़ीं।
- केंद्र सरकार ने चीनी की आपूर्ति और उपलब्ध स्टॉक की समीक्षा की।
- जरूरत पड़ने पर 25 से 35 लाख टन चीनी आयात करने की संभावना।
नई दिल्ली। देश में चीनी के उत्पादन और खपत के बीच अंतर बढ़ने की आशंका के बीच कीमतों में एक बार फिर उछाल देखने को मिल रहा है। बीते एक महीने में खुदरा और थोक बाजार में चीनी के दाम करीब छह प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार भी सतर्क हो गई है। सरकार गन्ने के उत्पादन, बफर स्टॉक, खपत और संभावित आयात की जरूरत का आकलन कर रही है।
केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर चीनी की आपूर्ति की समीक्षा की। माना जा रहा है कि बाजार में आपूर्ति सामान्य बनाए रखने के लिए 25 से 35 लाख टन चीनी का आयात करना पड़ सकता है।
चालू सत्र में चीनी की कीमतों का रुख मुख्य रूप से तीन पहलुओं पर निर्भर करेगा। इनमें कुल उत्पादन, आयात को लेकर सरकार का फैसला और बाजार में उपलब्ध स्टॉक की स्थिति शामिल है। समीक्षा बैठक के दौरान थोक कारोबार के लिए स्टॉक सीमा तय करने और रिफाइंड चीनी के आयात पर भी चर्चा हुई है। हालांकि, इन मुद्दों पर अंतिम फैसले का इंतजार है। फिलहाल कीमतों में हो रही बढ़ोतरी के पीछे सिर्फ मांग ही नहीं, बल्कि आने वाले महीनों में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहने को लेकर बनी अनिश्चितता भी एक बड़ी वजह है।
क्रेडिट रेटिंग एजेंसी के अनुमान के मुताबिक, वर्ष 2026-27 में देश का शुद्ध चीनी उत्पादन 280 से 290 लाख टन के बीच रह सकता है। वहीं, इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (इस्मा) ने उत्पादन का अनुमान केवल 265 लाख टन लगाया है। दूसरी ओर, घरेलू खपत की जरूरत करीब 283 लाख टन रहने का अनुमान है।
पिछले सत्र में देश में 276 लाख टन शुद्ध चीनी का उत्पादन हुआ था। इसके अलावा 30 लाख टन चीनी का इस्तेमाल एथनॉल बनाने में किया गया था। इस बार एथनॉल उत्पादन के लिए चीनी के डायवर्जन पर रोक है। इसके बावजूद घरेलू खपत की तुलना में उत्पादन पर्याप्त नहीं माना जा रहा है।
सत्र के अंत में स्टॉक घटने की आशंका
सबसे अधिक चिंता चीनी सत्र के आखिर में बचने वाले स्टॉक को लेकर है। अनुमान है कि 2026-27 के अंत तक देश में चीनी का भंडार घटकर 35 से 45 लाख टन रह सकता है। इस आंकड़े में 10 लाख टन का स्वीकृत आयात कोटा भी शामिल है। इसके उलट, पिछले सत्र के अंत में चीनी का स्टॉक लगभग 48 लाख टन था। ऐसे में स्टॉक में संभावित कमी का असर अब कीमतों में भी नजर आने लगा है।
महाराष्ट्र में चीनी के औसत भाव एक महीने के दौरान करीब 7.3 प्रतिशत बढ़ चुके हैं। त्योहारों के समय मांग मजबूत रहने और उत्तर प्रदेश में गन्ने की पेराई देर से शुरू होने से भी कीमतों में तेजी आई है।
महाराष्ट्र और कर्नाटक में गन्ने की पैदावार के साथ चीनी की रिकवरी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, उत्तर प्रदेश में चीनी का उत्पादन अपेक्षाकृत स्थिर रहने का अनुमान है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.