उत्तराखंड: 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर

HIGHLIGHTS
- महिलाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं वाले हाईटेक टॉयलेट बनाए जाएंगे
- सार्वजनिक स्थलों और पर्यटन क्षेत्रों में सुविधाओं पर विशेष जोर
- 65 वर्ष की जगह अब 60 वर्ष से महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा और गरिमा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक टॉयलेट विकसित करने की घोषणा की है। इन टॉयलेट्स में स्वच्छता के साथ महिलाओं की निजता, सुरक्षा और जरूरी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और गरिमा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, पर्यटन स्थलों और अन्य जरूरी जगहों पर आधुनिक व सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराकर महिलाओं के लिए सुविधाजनक और सम्मानजनक माहौल सुनिश्चित किया जाएगा।
60 वर्ष की उम्र से महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर
रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिलाओं के लिए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अभी 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलती है। अब यह सुविधा महिलाओं के लिए 60 वर्ष की उम्र से लागू की जाएगी। इससे अधिक संख्या में बुजुर्ग महिलाओं को सुरक्षित और आसान आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
महिलाओं को समर्पित होंगी 10 पिंक ई-बसें
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत उत्तराखंड को मिलने वाली 137 इलेक्ट्रिक बसों में से देहरादून में संचालित होने वाली 100 बसों में 10 बसें महिलाओं के लिए पिंक ई-बस के तौर पर समर्पित करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि इस सुविधा का चरणबद्ध विस्तार प्रदेश के दूसरे क्षेत्रों में भी किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध हो सके।
महिला स्वरोजगार योजना में बढ़ेगी ऋण सीमा
महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने महिला स्वरोजगार योजना के तहत मिलने वाले रियायती बैंक ऋण की सीमा बढ़ाने की घोषणा की। अब यह सीमा 2 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.50 लाख रुपये की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को स्वरोजगार के लिए जरूरी पूंजी उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है, ताकि वे रोजगार मांगने वाली नहीं, बल्कि रोजगार देने वाली बन सकें।
चकरपुर में मुख्यमंत्री ने बहनों से बंधवाई राखी
रक्षाबंधन के अवसर पर चकरपुर स्टेडियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मौजूद बहनों ने मुख्यमंत्री को भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास के प्रतीक रक्षासूत्र बांधे।
मुख्यमंत्री ने सभी बहनों का अभिवादन किया और उन्हें रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.