देहरादून से नई बाइक लेकर पांवटा जा रहे यूट्यूबर की सड़क हादसे में मौत

HIGHLIGHTS
- हिंदूवाला के पास बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई
- आस मोहम्मद ने देहरादून से नई बाइक की डिलीवरी ली थी
- बाइक की कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई
देहरादून। शुक्रवार सुबह बल्लमपुर-पांवटा फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर हिंदूवाला के पास एक स्पोर्ट्स बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में हरिद्वार जिले के रुड़की के बढ़ेड़ी राजपूतान निवासी यूट्यूबर आस मोहम्मद उर्फ आशु (25) की मौके पर ही मौत हो गई। वह देहरादून से नई बाइक की डिलीवरी लेने के बाद हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब की ओर जा रहे थे।
सहसपुर कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत के अनुसार, आस मोहम्मद ने देहरादून से करीब 18 लाख रुपये कीमत की नई स्पोर्ट्स बाइक की डिलीवरी ली थी। इसके बाद वह बाइक से बल्लमपुर-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए हिमाचल प्रदेश के पांवटा की तरफ रवाना हुए।
हिंदूवाला के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना में आस मोहम्मद की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। जरूरी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतक सोशल मीडिया पर ‘आशु यूके राइडर’ के नाम से लोकप्रिय थे। बताया जा रहा है कि उनके यूट्यूब चैनल पर करीब नौ लाख फॉलोवर हैं। नई स्पोर्ट्स बाइक की डिलीवरी लेने के बाद शुरू हुआ उनका सफर कुछ ही समय में जिंदगी का आखिरी सफर बन गया।
आस मोहम्मद की मौत की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके समर्थकों और फॉलोवर के बीच शोक की लहर फैल गई। लोगों ने पोस्ट और कमेंट के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना जताई।
सहसपुर कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत ने युवाओं से बाइक चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वीडियो और फॉलोवर बढ़ाने की होड़ में अपनी जान जोखिम में डालना समझदारी नहीं है। हाईवे पर बाइक चलाते समय हेलमेट पहनने के साथ गति पर नियंत्रण रखना और सड़क पर पूरा ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.