मांझी के रामघाट का CM सम्राट चौधरी ने किया अनावरण, एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को मांझी के ऐतिहासिक रामघाट का अनावरण किया।
- छठ महापर्व 2026 से पहले रामघाट को श्रद्धालुओं के लिए विकसित किया गया है।
- मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का भी अनावरण किया।
छपरा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को मांझी के ऐतिहासिक रामघाट का अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व रखता है। मान्यता है कि भगवान श्रीराम ने इसी सरयू नदी में स्नान किया था। ऐसे पवित्र स्थान पर घाट का उद्घाटन करना उनके लिए गर्व की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व 2026 से पहले रामघाट को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विकसित किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि छठी मइया का आशीर्वाद लेने के लिए वह दोबारा यहां आएंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का भी अनावरण किया। उन्होंने इसके लिए सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और मांझी विधायक रणधीर सिंह के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भगवान विष्णु और भगवान शिव से जुड़ी पौराणिक मान्यताओं को ध्यान में रखते हुए कॉरिडोर बनाने का काम शुरू किया गया है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने दलन सिंह आदर्श उच्च विद्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रशेखर सहित अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
विकसित भारत और समृद्ध बिहार के लिए काम कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अब बिहार के बच्चों को उच्चस्तरीय शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। ऑनलाइन शिक्षक व्यवस्था के जरिए भी विद्यार्थियों को पढ़ाई की सुविधा दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि बच्चों की पढ़ाई के लिए शिक्षकों की व्यवस्था की गई है। रात के समय कितने बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई करते हैं, इसका सर्वे कराया गया था। इसमें डेढ़ लाख से अधिक विद्यार्थी रात एक बजे के बाद भी पढ़ते हुए पाए गए।
शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली व्यवस्था पर सरकार का जोर
सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार सेवा, संकल्प और कायाकल्प के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में लगी है। राज्य में हजारों करोड़ रुपये की योजनाओं पर काम चल रहा है। गरीबों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने के लिए 24 लाख कार्ड वितरित किए जा चुके हैं, जबकि एक करोड़ कार्ड बांटने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 22 से 23 घंटे तक बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। लोगों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है। इसके साथ ही गरीब परिवारों के घरों पर 1.1 किलोवाट का सोलर सिस्टम लगाने की योजना को भी आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि अगले 25 वर्षों तक बिजली की समस्या न रहे।
पांच साल में एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य तय किया है। आने वाले समय में राज्य में नई चीनी मिलें शुरू की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि सारण में जेपी के गांव को पीपा पुल की जगह स्थायी पुल से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके अलावा राघोपुर से आमी होते हुए मांझी तक मरीन ड्राइव बनाने की योजना को भी आगे बढ़ाया जाएगा।
सरयू में डूबने की घटनाओं को लेकर जताई चिंता
मुख्यमंत्री ने सरयू नदी में डूबने की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने यहां एसडीआरएफ की टीम तैनात करने की घोषणा की। बाढ़ से प्रभावित तरैया, सोनपुर और अन्य क्षेत्रों में सड़क, बांध तथा जलनिकासी की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। इसके साथ ही खेतों में जमा बालू और गाद की समस्या के समाधान के लिए सहायता देने की बात भी कही।
अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनका आखिरी कार्यक्रम नहीं है। सरकार की विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए वह लगातार सारण आते रहेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.