पुलिस मुठभेड़ में रतन शेख की मौत पर सीएम शुभेंदु अधिकारी का बयान, बोले- गोली चलाने वालों पर फूल नहीं बरसाएंगे

HIGHLIGHTS
- बीरभूम के शांतिनिकेतन में पुलिस मुठभेड़ के दौरान रतन शेख की मौत हो गई।
- रतन शेख पर पुलिस कांस्टेबल बिस्वजीत दास को गोली मारने का आरोप था।
- शुक्रवार शाम लाइक बाजार में गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर फायरिंग की गई थी।
कोलकाता। बीरभूम जिले के शांतिनिकेतन में पुलिस कांस्टेबल पर गोली चलाने के आरोपी रतन शेख की रविवार को पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। इस घटना पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पुलिस पर गोली चलाने वालों पर फूलों की वर्षा नहीं की जाएगी।
पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पुलिस को आत्मरक्षा का पूरा अधिकार है। ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों के खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने साफ कहा कि राज्य में अपराधियों के प्रति किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। बंगाल में दुष्कर्मियों, हत्यारों और गुंडों के लिए कोई जगह नहीं है। सरकार अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगी।
रतन शेख की मुठभेड़ में मौत को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि उसे पकड़ने गई पुलिस टीम के सदस्य ही उस समय की पूरी स्थिति बता सकते हैं। इस कुख्यात अपराधी के खिलाफ 32 मामले दर्ज थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर कोई पुलिस पर गोली चलाएगा तो पुलिस उस पर फूलों की बारिश नहीं करेगी। उन्होंने आगे कहा कि अगर कोई पुलिसकर्मियों को मारने आएगा तो क्या पुलिस उसे बताशा खिलाएगी? बंगाल में एक भी दुष्कर्मी या गुंडा नहीं रहेगा।
घायल कांस्टेबल के साहस की मुख्यमंत्री ने की थी तारीफ
दरअसल, शुक्रवार शाम बीरभूम जिले के शांतिनिकेतन थाना क्षेत्र के लाइक बाजार में आरोपी रतन शेख को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर उसने गोली चला दी थी। इस घटना में कांस्टेबल विश्वजीत दास के बाएं पैर में गोली लगी थी।
घायल कांस्टेबल को पहले बोलपुर और फिर बर्द्धमान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बर्द्धमान मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और घायल कांस्टेबल से मुलाकात की थी।
इस दौरान उन्होंने विश्वजीत दास के साहस की प्रशंसा की थी। मुख्यमंत्री ने कहा था कि पुलिसकर्मी पर हुआ हमला बेकार नहीं जाएगा और आरोपी को कड़ी सजा मिलेगी। इसके अगले ही दिन रतन शेख पुलिस मुठभेड़ में मारा गया।
इससे पहले 27 अक्टूबर को उत्तर 24 परगना और मुर्शिदाबाद में अलग-अलग मुठभेड़ों के दौरान एक ही दिन में दो आरोपियों की मौत हुई थी। उस समय भी मुख्यमंत्री ने पुलिस के प्रति अपनी सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए कहा था कि अगर कोई कानून अपने हाथ में लेता है तो पुलिस मूकदर्शक बनकर नहीं रह सकती।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.