ब्रेकअप का बदला लेने के लिए एक्स गर्लफ्रेंड के दो पालतू कुत्तों की हत्या, आरोपी हिरासत में

HIGHLIGHTS
- कोलकाता के बिक्रमगढ़ इलाके में पशु क्रूरता का मामला सामने आया है।
- संजीव भट्टाचार्य पर अपनी एक्स गर्लफ्रेंड के दो पालतू कुत्तों की हत्या का आरोप है।
- आरोपी की गर्लफ्रेंड पेशे से DJ है और हाल ही में दोनों का ब्रेकअप हुआ था।
कोलकाता। कोलकाता के बिक्रमगढ़ इलाके में पशु क्रूरता का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका के दो पालतू कुत्तों की हत्या कर दी। आरोपी ने लड़की को वीडियो कॉल कर यह भी दिखाया कि उसने दोनों कुत्तों में से एक को फंदे से लटका दिया है। बताया जा रहा है कि उसने ब्रेकअप का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया।
ब्रेकअप से नाराज होकर बेजुबान जानवरों पर निकाला गुस्सा
पुलिस के अनुसार, आरोपी संजीव भट्टाचार्य बिक्रमगढ़ में एक किराए के फ्लैट में अपनी पार्टनर के साथ रहता था। उसकी गर्लफ्रेंड पेशे से DJ है। हाल के दिनों में दोनों के रिश्ते में तनाव बढ़ गया था, जिसके बाद युवती अपार्टमेंट छोड़कर चली गई।
एक पड़ोसी ने बताया कि युवती अपने दोनों पालतू कुत्तों को संजीव भट्टाचार्य के पास ही छोड़ गई थी। गर्लफ्रेंड के इस फैसले से नाराज होकर भट्टाचार्य ने शनिवार को अपना गुस्सा बेजुबान जानवरों पर उतार दिया।
पशु अधिकार कार्यकर्ताओं के दावे के मुताबिक, आरोपी ने अपनी गर्लफ्रेंड को वीडियो कॉल किया और उसे दिखाया कि किस तरह उसने उसके एक पालतू कुत्ते के गले में फंदा डालकर उसे लटका दिया है।
वीडियो कॉल पर यह दृश्य देखकर युवती बुरी तरह घबरा गई। उसने तुरंत वीडियो फुटेज आगे भेजा और बिक्रमगढ़ इलाके में रहने वाले एक युवक को फोन कर फ्लैट पर पहुंचने और कुत्तों की स्थिति देखने की गुहार लगाई।
दोनों पालतू कुत्तों की हत्या, फर्श पर बिखरा था खून
फोन मिलने के बाद वह युवक इलाके के कुछ अन्य लोगों के साथ अपार्टमेंट पहुंचा। वहां उन्होंने देखा कि युवती के दोनों पालतू कुत्तों की हत्या कर दी गई थी।
एक पशु अधिकार कार्यकर्ता ने बताया कि आरोपी ने एक कुत्ते को फंदे से लटका दिया था, जबकि दूसरे कुत्ते यानी पिल्ले का सिर ईंट से कुचलकर उसकी जान ले ली गई थी। अपार्टमेंट के फर्श पर खून फैला हुआ था।
आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया
घटना की जानकारी इलाके में फैलने के बाद अभिनेत्री और पशु प्रेमी देबलीना दत्त पशु कल्याण संगठनों के सदस्यों के साथ शाम को घटनास्थल पर पहुंचीं।
इसके बाद जादवपुर पुलिस स्टेशन के अधिकारी भी फ्लैट में पहुंचे और संजीव भट्टाचार्य को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर है। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, इतनी क्रूर घटना को अंजाम देने के बाद भी उसके चेहरे पर किसी तरह का पछतावा नजर नहीं आया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.