40 सालों से रामलीला में योगदान, चंबा में दशरथ बने कलाकार की हार्ट अटैक से मौत

चंबा। जिला मुख्यालय चंबा में आयोजित श्री राम लीला के मंचन के दौरान मंगलवार देर शाम एक कलाकार की अचानक मौत हो गई। मृतक की पहचान अमरेश महाजन उर्फ शिबू (73) निवासी मोहल्ला मुगला के रूप में हुई है। बताया गया है कि अमरेश महाजन बीते 40 वर्षों से ऐतिहासिक चौगान में होने वाली राम लीला में भाग ले रहे थे और दशरथ तथा रावण की भूमिका निभाते थे।
इस वर्ष उन्होंने पहले ही घोषणा कर दी थी कि यह उनकी आखिरी राम लीला होगी। घटना के समय वह दशरथ की भूमिका निभा रहे थे। मंगलवार को राम लीला के दूसरे दिन दशरथ दरबार के अलावा सीता स्वयंवर और श्रीराम द्वारा धनुष तोड़ने का दृश्य मंचित होना था।
सूत्रों के अनुसार, दशरथ दरबार का मंचन करते समय अमरेश महाजन अचानक बेसुध होकर गिर पड़े। कलाकारों ने उन्हें तुरंत उठाने का प्रयास किया और पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चंबा में श्री राम लीला का मंचन वर्ष 1949 से नियमित रूप से होता आ रहा है। इसे लाला संसार चंद महाजन ने पुत्र प्राप्ति की कामना के तहत राम लीला क्लब की स्थापना करके नाट्य रूप में शुरू किया था।
श्री राम लीला क्लब के अध्यक्ष स्वपन महाजन ने अमरेश महाजन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। वहीं, व्यापार मंडल चंबा के अध्यक्ष वीरेंद्र महाजन ने भी अपनी संवेदना व्यक्त की। मेडिकल कॉलेज चंबा के प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता ने बताया कि उनकी मृत्यु हृदय गति रुकने के कारण हुई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.