दिल्ली: नाले में गिरे 15 वर्षीय मिथुन का तीसरे दिन भी सुराग नहीं, परिजनों ने लगाया जाम

HIGHLIGHTS
- NDRF, दमकल और DDMA की टीमें तलाश में जुटी हैं।
- तेज बहाव और घनी झाड़ियों के कारण सर्च ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है।
- तलाश में देरी से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगाया।
नई दिल्ली: सरिता विहार के जसोला में खुले गंदे नाले में गिरे 15 वर्षीय किशोर मिथुन का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका। शनिवार को पतंग पकड़ने के दौरान वह नाले में गिर गया था। इसके बाद शनिवार और रविवार को भी उसकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अब तक उसका पता नहीं चल पाया है।
मिथुन की तलाश के लिए एनडीआरएफ, दमकल और डीडीएमए समेत कई एजेंसियां अभियान में जुटी हैं। रविवार को सर्च ऑपरेशन में अपेक्षित प्रगति नहीं होने से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तलाश अभियान तेज करने की मांग की।
परिजनों का आरोप है कि नाले में पानी का बहाव तेज होने और घनी झाड़ियों के बावजूद तलाश प्रभावी तरीके से नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि संबंधित एजेंसियां नाले में उतरकर तलाशी लेने के बजाय लकड़ी के सहारे पानी में जांच कर रही हैं। परिजनों के मुताबिक, अगर समय रहते गंभीरता से तलाश की जाती तो मिथुन का पता चल सकता था। लोगों ने प्रशासन से आधुनिक उपकरणों और पर्याप्त संसाधनों के साथ सर्च ऑपरेशन चलाने की मांग की।
वहीं, एनडीआरएफ के अनुसार नाले में पानी का बहाव काफी तेज है। इसके साथ ही आसपास घनी झाड़ियां होने की वजह से तलाशी अभियान में परेशानी आ रही है।
बेटे की तलाश में खुद नाले में उतरा पिता
लगातार सर्च ऑपरेशन चलने के बावजूद जब मिथुन का पता नहीं चला तो उसके पिता अवधेश खुद नाले में उतर गए। गंदे और तेज बहाव वाले पानी के बीच उन्होंने अपने बेटे की तलाश की। परिजनों का कहना है कि मिथुन के मिलने तक सर्च ऑपरेशन जारी रहना चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.