मुजफ्फरनगर पहुंचे डीजीपी राजीव कृष्ण, शिव चौक पर पूजा के बाद कांवड़ कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर पहुंचे यूपी डीजीपी राजीव कृष्ण ने शिव चौक मंदिर में पूजा-अर्चना कर कांवड़ यात्रा की सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
- डीजीपी ने कांवड़ कंट्रोल रूम में सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी, ट्रैफिक व्यवस्था और पुलिस तैनाती की समीक्षा कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
- कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा के लिए डिजिटल गैलरी और करीब 500 लाउडस्पीकर लगाए गए हैं, जिनसे श्रद्धालुओं तक जरूरी सूचनाएं पहुंचाई जाएंगी।
मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। इसी सिलसिले में सोमवार शाम करीब 6 बजे डीजीपी राजीव कृष्ण मुजफ्फरनगर पहुंचे। उन्होंने ऐतिहासिक शिव चौक स्थित शिव मंदिर में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की।
इसके बाद डीजीपी ने कांवड़ कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा निगरानी सिस्टम की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
डीजीपी के दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पहले से ही तैयारियों में जुटा हुआ था। रविवार रात से ही शिव चौक और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा था।
कंट्रोल रूम के बाहर अस्थायी रूप से ‘शिव चौक कांवड़ डिजिटल गैलरी’ तैयार की गई है। यहां एलईडी स्क्रीन के जरिए कांवड़ मार्ग, ट्रैफिक डायवर्जन, सुरक्षा इंतजाम और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां दिखाई जा रही हैं। कंट्रोल रूम के अंदर पूरे कांवड़ मेले का विस्तृत रूट मैप भी लगाया गया है।
सोमवार सुबह से ही सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, एसपी सिटी अमृत जैन, एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा, शहर कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा समेत अन्य पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी शिव चौक पर मौजूद रहे और डीजीपी के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेते रहे।
शिव मंदिर में पूजा के बाद डीजीपी राजीव कृष्ण ने हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंचे शिवभक्त कांवड़ियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। उन्होंने श्रद्धालुओं का हाथ जोड़कर अभिवादन किया और उन्हें सुरक्षित यात्रा का भरोसा दिलाया।
इसके बाद डीजीपी कांवड़ कंट्रोल रूम पहुंचे, जहां अधिकारियों ने उन्हें सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया। अधिकारियों ने बताया कि इस बार राणा चौक से रामपुर तिराहा तक लगभग 500 लाउडस्पीकर लगाए गए हैं। इन सभी को शिव चौक स्थित कंट्रोल रूम से एकीकृत प्रणाली के माध्यम से संचालित किया जाएगा। इसके जरिए एक ही माइक से पूरे कांवड़ मार्ग पर घोषणाएं की जा सकेंगी, जिससे आपात स्थिति या यातायात में बदलाव की जानकारी तुरंत श्रद्धालुओं तक पहुंचाई जा सकेगी।
निरीक्षण के दौरान डीजीपी ने सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, ड्रोन मॉनिटरिंग, पुलिस बल की तैनाती, ट्रैफिक प्लान, बैरिकेडिंग और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की जिम्मेदारी है।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कंट्रोल प्वाइंट लगातार सक्रिय रहें, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार रहे।
निरीक्षण के दौरान मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर, सहारनपुर रेंज के डीआईजी अभिषेक सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, जिलाधिकारी सहित जिले के अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बता दें कि डीजीपी के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल का भी मुजफ्फरनगर दौरा प्रस्तावित था, लेकिन किसी कारणवश उनका कार्यक्रम नहीं हो सका। हालांकि डीजीपी ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कांवड़ यात्रा की तैयारियों का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.