सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने पर डिंपल यादव ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

HIGHLIGHTS
- सोनम वांगचुक को 21 दिनों के अनशन के बाद दिल्ली पुलिस ने स्वास्थ्य बिगड़ने पर सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया, जिसके बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई।
- सपा सांसद डिंपल यादव ने वांगचुक को अस्पताल ले जाने की कार्रवाई पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए इसे लोकतंत्र और शांतिपूर्ण आवाजों से जुड़ा मुद्दा बताया।
- कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके ने पुलिस कार्रवाई पर आरोप लगाए, जबकि वांगचुक पेपर लीक जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर अनशन पर थे।
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को पुलिस द्वारा अस्पताल ले जाने की कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर कहा, "बीजेपी वाले देश के लिए सफेद चादर का कफन लेकर आए हैं। जब शांतिपूर्ण आवाजों को दबाया जाता है, तो संविधान और लोकतंत्र भी आहत होते हैं। सोनम वांगचुक जैसे लोगों की आवाज दबाना, देश की आत्मा को दबाना है।"
दरअसल, शनिवार सुबह दिल्ली के जंतर-मंतर पर 21 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक को पुलिस सफदरजंग अस्पताल लेकर गई थी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया, जिसके बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।
अभिजीत दीपके ने पुलिस कार्रवाई पर लगाए आरोप
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सुबह करीब सात बजे जब वह बाहर गए थे, तभी पुलिसकर्मी वहां पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने सोनम वांगचुक को जबरदस्ती वहां से ले जाया।
दीपके ने कहा कि 20 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे 60 वर्षीय सोनम वांगचुक को पुलिस घसीटकर ले गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें यह जानकारी नहीं दी गई कि वांगचुक को कहां ले जाया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पहुंचने के दौरान पुलिस ने उनके साथ मारपीट की।
21 दिनों से अनशन पर हैं सोनम वांगचुक
सोनम वांगचुक पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 21 दिनों से अनशन पर बैठे हैं। लंबे समय तक भूख हड़ताल के कारण उनकी तबीयत लगातार खराब हो रही थी और उनका वजन करीब 9.5 किलोग्राम कम हो चुका है।
इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने गुरुवार को केंद्र और दिल्ली सरकार को निर्देश दिया था कि सोनम वांगचुक का रोजाना मेडिकल परीक्षण कराया जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत इलाज उपलब्ध कराया जाए। इसी आदेश के तहत पुलिस उन्हें शनिवार सुबह अस्पताल लेकर गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.