गोरखपुर में जनता दर्शन में पहुंचे 200 फरियादी, CM योगी ने अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

HIGHLIGHTS
- पारिवारिक संपत्ति विवादों को बातचीत के जरिए सुलझाने पर जोर दिया।
- इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वालों के मामलों में एस्टीमेट जल्द शासन को भेजने को कहा।
- पात्र जरूरतमंदों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए।
गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान करीब 200 लोगों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर फरियादी के साथ संवेदनशीलता से पेश आते हुए उसकी समस्या का जल्द और संतोषजनक समाधान किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याण और नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाना सरकार का संकल्प है।
गोरखनाथ मंदिर परिसर में महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री खुद लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायत पत्र सौंपकर तय समयसीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही फरियादियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जमीन पर अवैध कब्जा करने और कमजोर लोगों को उजाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पारिवारिक संपत्ति से जुड़े विवादों में संबंधित पक्षों से बातचीत कर समाधान निकालने के निर्देश भी दिए। उन्होंने राजस्व और पुलिस से संबंधित मामलों को निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ निपटाने पर जोर दिया। इसके अलावा सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ पहुंचाने को कहा।
इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वालों को मदद का भरोसा
जनता दर्शन में कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज का एस्टीमेट जल्द तैयार कराकर शासन को भेजा जाए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जरूरतमंदों से आयुष्मान कार्ड के बारे में जानकारी ली। जिन पात्र लोगों के पास कार्ड नहीं था, उनके कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में बच्चों के साथ पहुंचीं महिलाओं से भी उन्होंने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट दी और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
गोशाला में गोवंश को खिलाई रोटी-गुड़, बच्चे का कराया अन्नप्राशन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में गोसेवा की। उन्होंने गोवंश को दुलारा और अपने हाथों से रोटी-गुड़ खिलाया।
इस दौरान मंदिर परिसर में परिजनों के साथ आए बच्चों से भी मुख्यमंत्री ने बातचीत की। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट दी और खूब पढ़ने का आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.