DMRC के नाम बड़ी उपलब्धि, ISO 55001:2024 प्रमाणन पाने वाला बना देश का पहला मेट्रो संगठन

HIGHLIGHTS
- प्रमाणन मुंबई मेट्रो लाइन-3 के एसेट मैनेजमेंट सिस्टम के लिए मिला है।
- डीएमआरसी ने एसेट मैनेजमेंट फ्रेमवर्क को मजबूत किया।
- स्ट्रैटेजिक एसेट मैनेजमेंट प्लान को बेहतर बनाया गया।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने एक और उपलब्धि हासिल की है। डीएमआरसी देश का पहला मेट्रो संगठन बन गया है, जिसे एसेट मैनेजमेंट सिस्टम के लिए नवीनतम आईएसओ प्रमाणन मिला है। यह प्रमाणन मुंबई मेट्रो लाइन-3 के एसेट मैनेजमेंट सिस्टम के लिए हासिल किया गया है।
डीएमआरसी के अनुसार, यह एक वैश्विक मानक है, जो किसी संगठन को अपनी परिसंपत्तियों का पूरे जीवनचक्र के दौरान बेहतर प्रबंधन करने के लिए व्यवस्थित ढांचा उपलब्ध कराता है। इसमें परिसंपत्तियों के प्रदर्शन, परिचालन जोखिम और पूरे जीवनचक्र की लागत के बीच संतुलन बनाने पर जोर दिया जाता है।
डीएमआरसी ने बताया कि प्रमाणन हासिल करने के लिए उसके एसेट मैनेजमेंट फ्रेमवर्क को मजबूत किया गया। इसके तहत स्ट्रैटेजिक एसेट मैनेजमेंट प्लान को बेहतर बनाया गया और एसेट मैनेजमेंट से जुड़े लक्ष्यों को संगठन की प्राथमिकताओं के साथ जोड़ा गया।
जोखिम आकलन और परिसंपत्तियों के जीवनचक्र से जुड़े नियंत्रणों को भी मजबूत किया गया। इसके अलावा कर्मचारियों के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के कार्यक्रम चलाए गए। एसेट मैनेजमेंट सिस्टम की निगरानी प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों, ऑडिट और प्रबंधन समीक्षा के जरिए की जा रही है।
डीएमआरसी मुंबई मेट्रो लाइन-3 के 33.5 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर के परिचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी संभाल रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.