ईडी ने यूट्यूबर एल्विश यादव और फाजिलपुरिया पर दर्ज किया आरोप पत्र, गाने में सांपों के इस्तेमाल का मामला

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव और पंजाबी गायक फाजिलपुरिया के खिलाफ गुरुग्राम स्थित पीएमएलए की विशेष अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया है। अदालत द्वारा इसका संज्ञान लेने के बाद दोनों को पेश होने का नोटिस जारी किया जाएगा। आरोप पत्र में चंडीगढ़ की कंपनी स्काई डिजिटल को भी आरोपी बनाया गया है।
ईडी ने पहले ही दोनों की लगभग 55 लाख रुपये मूल्य की संपत्तियों को जब्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार, मामला उनके गाने ‘32 बोर’ से जुड़ा है, जिसमें सांपों का इस्तेमाल किया गया था। इसके बाद ईडी ने गुरुग्राम में एफआईआर दर्ज कर मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम के तहत जांच शुरू की थी।
जांच में पता चला कि फाजिलपुरिया ने इस गाने से यूट्यूब के माध्यम से 52 लाख रुपये की कमाई की थी। इसी रकम से उन्होंने बिजनौर जिले में तीन एकड़ कृषि भूमि 50 लाख रुपये में खरीदी थी, जिसे जब्त कर लिया गया। इसके अलावा दोनों के बैंक खातों में जमा करीब 3 लाख रुपये और गाने की शूटिंग करने वाली चंडीगढ़ की स्काई डिजिटल कंपनी के बैंक खाते में जमा लगभग 2 लाख रुपये भी जब्त किए गए।
ईडी ने पिछले साल सितंबर में दोनों को दिल्ली स्थित जोनल कार्यालय में तलब कर गहन पूछताछ भी की थी।
इससे पहले एल्विश यादव नोएडा के बहुचर्चित ‘कोबरा कांड’ के आरोपी भी रह चुके हैं। पूर्व सांसद मेनका गांधी की संस्था पीपुल्स फॉर एनिमल्स ने 2 नवंबर 2023 को नोएडा में एल्विश समेत छह लोगों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कराया था।
पुलिस जांच में पाया गया कि एल्विश ने एनसीआर के फार्महाउस, होटलों, क्लबों और रिसॉर्ट्स में रेव पार्टियों में सांप का जहर और जिंदा सांप उपलब्ध कराने के लिए गिरोह बनाया था। संलिप्तता के पुष्टि होने पर नोएडा पुलिस ने 17 मार्च 2024 को उसे गिरफ्तार किया था। बाद में ईडी ने भी इस मामले में जांच की और एल्विश से पूछताछ की थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.