हरियाणा में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 35 अधिकारियों को नई जिम्मेदारी

HIGHLIGHTS
- तबादला सूची में 13 आईपीएस और 22 एचपीएस अधिकारी शामिल हैं।
- डॉ. माटा रवि किरण को दोहरी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- बी. सतीश बालन को रेलवे एवं कमांडो का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया।
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने शनिवार देर रात पुलिस विभाग में प्रशासनिक बदलाव करते हुए 35 पुलिस अधिकारियों के तबादले और नियुक्ति के आदेश जारी किए। इनमें 13 भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और 22 हरियाणा पुलिस सेवा (एचपीएस) के अधिकारी शामिल हैं। आदेश के तहत वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है, जबकि कई जिलों में नई नियुक्तियां भी की गई हैं।
नवदीप सिंह विर्क बने मानवाधिकार आयोग के महानिदेशक
आईपीएस अधिकारी नवदीप सिंह विर्क को हरियाणा मानवाधिकार आयोग का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के महानिदेशक के साथ सतर्कता एवं सुरक्षा निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
उनके स्थान पर डॉ. माटा रवि किरण को हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो का अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। उन्हें सतर्कता एवं सुरक्षा निदेशक का कार्यभार भी सौंपा गया है।
बी. सतीश बालन को रेलवे एवं कमांडो की जिम्मेदारी
बी. सतीश बालन को रेलवे एवं कमांडो का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह एसटीएस के चीफ के पद पर कार्यरत थे।
मनीष चौधरी को पंचकूला में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें जेल विभाग के पुलिस महानिरीक्षक का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है।
सिमरदीप सिंह को भोंडसी स्थित विशेष कार्यबल (एसटीएफ) का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है। उनके पास झज्जर के पुलिस आयुक्त और भारतीय रिजर्व बटालियन, भोंडसी के पुलिस महानिरीक्षक का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
हामिद अख्तर को पदोन्नति के बाद रोहतक रेंज का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।
धीरज कुमार को हरियाणा लोकायुक्त के पुलिस अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार
पुलिस मुख्यालय में धीरज कुमार को पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही उन्हें हरियाणा लोकायुक्त के पुलिस अधीक्षक का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है।
सुमित कुमार को मानेसर स्थित चौथी आईआरबी बटालियन का अतिरिक्त कमांडेंट नियुक्त किया गया है। वह यह जिम्मेदारी अपने मौजूदा दायित्वों के अतिरिक्त संभालेंगे। उनकी नियुक्ति प्रतीक गहलोत के कार्यभार से मुक्त होने के बाद प्रभावी होगी।
विक्रांत भूषण को सोनीपत के गोहाना में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) नियुक्त किया गया है। वहीं, जितेंद्र गहलावत को सोनीपत में अपराध शाखा का पुलिस उपायुक्त बनाया गया है।
हितेश यादव का तबादला बहादुरगढ़ से गुरुग्राम कर दिया गया है। उन्हें गुरुग्राम में यातायात पुलिस उपायुक्त नियुक्त किया गया है। उनके पास गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण की एमईआरसी शाखा का अतिरिक्त कार्यभार भी रहेगा। उनके संबंध में 20 सितंबर 2026 को जारी पूर्व आदेश को रद कर दिया गया है।
चार जिलों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियुक्त
सरकार ने चार आईपीएस अधिकारियों को उनके मौजूदा वेतनमान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। इनमें दिव्यांशी सिंगला को फतेहाबाद, दीपिका अग्रवाल को रेवाड़ी, हर्षित गोयल को पानीपत और मयंक मुद्गिल को हिसार में तैनात किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.