महिला से छेड़छाड़ का विरोध किया तो घेर लिया परिवार, डंडे-रॉड लेकर 15 KM तक पीछा करते रहे आरोपी

HIGHLIGHTS
- नासिक के इगतपुरी में महिला से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक परिवार पर हमले का मामला सामने आया।
- आरोप है कि हमलावरों ने परिवार की कार का 10 से 15 किलोमीटर तक पीछा किया और वाहन में तोड़फोड़ की।
- पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मुंबई। महाराष्ट्र के नासिक जिले के इगतपुरी क्षेत्र में घूमने गए एक परिवार के साथ कथित तौर पर मारपीट और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला सदस्य के साथ गलत व्यवहार का विरोध करने पर कुछ लोगों ने परिवार पर हमला कर दिया और उनकी कार का कई किलोमीटर तक पीछा किया।
घटना रविवार को भवली बांध और झरने वाले पर्यटन क्षेत्र के पास हुई। पीड़ित परिवार के अनुसार, वहां मौजूद कुछ युवकों ने परिवार की महिला सदस्य के साथ कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी और छेड़छाड़ की। जब परिवार ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया।
डंडों और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप
परिवार का आरोप है कि विरोध के बाद आरोपी आक्रामक हो गए और उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने कथित तौर पर लकड़ी के डंडों और लोहे की रॉड से हमला करने की कोशिश की। इस दौरान परिवार की कार को भी नुकसान पहुंचाया गया।
घटना के बाद परिवार वहां से निकलने लगा, लेकिन आरोपियों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। पीड़ितों के मुताबिक, आरोपी करीब 10 से 15 किलोमीटर तक कार का पीछा करते रहे और रास्ते में कई बार हमला करने का प्रयास किया।
पुलिस ने शुरू की जांच
हमले के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए नासिक शहर और ग्रामीण पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.