फर्रुखाबाद में गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा, एक ही गांव के 4 लोग डूबे; तलाश जारी

HIGHLIGHTS
- सभी लोग कांवड़ लेकर रविवार देर रात पांचाल घाट पहुंचे थे।
- स्नान के दौरान चारों गहरे पानी की ओर चले गए।
- साथियों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें गहरे पानी में जाने से रोका था।
फर्रुखाबाद। शहर के पांचाल घाट पर सोमवार भोर में जल भरने से पहले स्नान के दौरान एक ही गांव के चार लोग गंगा में डूब गए। इनमें एक ही परिवार के तीन लोग शामिल हैं। पुलिस स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की मदद से चारों की तलाश में जुटी है। गंगा में पानी का बहाव तेज होने के कारण दोपहर तक उनका पता नहीं चल सका।
शाहजहांपुर जनपद के नयागांव खुदागंज निवासी योगेश (17) पुत्र प्रमोद सक्सेना, उसके चाचा विकास (25) पुत्र सोनपाल सक्सेना, चचेरे चाचा कमल (23) पुत्र सत्यपाल और गांव के अर्जुन (17) पुत्र राजेश प्रजापति समेत दस लोग रविवार देर रात पांच बाइकों से कांवड़ लेकर पांचाल घाट पहुंचे थे।
सोमवार भोर करीब 4:30 बजे सभी पांचाल घाट के उत्तरी बंधा के पास स्नान करने पहुंचे। कुछ साथी बाइकों के पास खड़े रहे, जबकि बाकी लोग गंगा में स्नान करने लगे। इसी दौरान योगेश समेत चारों लोग गहरे पानी की ओर जाने लगे। बाहर खड़े उनके साथियों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें गहरे पानी में जाने से मना किया, लेकिन वे नहीं माने।
देखते ही देखते चारों लोग गंगा में गोते खाने लगे। यह देखकर वहां स्नान कर रहे लोगों ने शोर मचाया, लेकिन कुछ ही देर में चारों डूब गए और लापता हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आरती सिंह मौके पर पहुंचीं। उन्होंने एनडीआरएफ के साथ स्थानीय गोताखोरों को भी चारों की तलाश में लगा दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी पांचाल घाट पहुंच गए।
योगेश हाईस्कूल का छात्र था। उसकी मां सोनी देवी हैं। चार भाई-बहनों में वह दूसरे नंबर का था और उसका बड़ा भाई देवेश है। विकास छह भाइयों में सबसे छोटा था। इंटरमीडिएट पास करने के बाद वह आईटीआई कर रहा था।
कमल तीन भाइयों में छोटा था। उसके बड़े भाई गुड्डू और अवनीश हैं। उसकी मां विमला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि देवेश, विकास और अर्जुन पानी बताशे का ठेला भी लगाते थे। उनके साथ गांव का विक्की भी आया था, जो गंगा में स्नान कर रहा था।
सीओ सिटी अभय वर्मा ने बताया कि गंगा में डूबे चारों लोगों की तलाश की जा रही है। गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोका जाता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.