मुजफ्फरनगर में बंद मकानों में चोरी करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार, नकदी और जेवर बरामद

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के जड़ौदा गांव में चोरी की दो घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया।
- मंसूरपुर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
- गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीशान, विशु उर्फ पाली, चांद, रवि और गौरव के रूप में हुई।
मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाना क्षेत्र के जड़ौदा गांव में बंद पड़े मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने के आरोप में पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने गांव के दो मकानों में नकबजनी की थी। उनके पास से 66,300 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और दो अवैध तमंचे बरामद हुए हैं।
बरामद जेवरात में पाजेब, मंगलसूत्र, चेन, अंगूठियां, कुंडल, बाली समेत कई अन्य आभूषण शामिल हैं।
CO खतौली रूपाली रॉय चौधरी ने शुक्रवार अपराह्न करीब 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 15 अक्टूबर को जड़ौदा निवासी राधेश्याम के बंद मकान में चोरी हुई थी। इसके बाद 9 नवंबर को इसी गांव के सनीश के घर को भी निशाना बनाया गया। दोनों घटनाओं के संबंध में मंसूरपुर थाने में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। वारदातों का खुलासा करने के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं।
CO के अनुसार, 12 और 13 नवंबर की रात पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जड़ौदा से वेरी जाने वाले रास्ते पर सुलेमान की ट्यूबवेल के सामने से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए युवकों की पहचान जीशान, विशु उर्फ पाली, चांद, रवि और गौरव के रूप में हुई है। सभी जड़ौदा गांव के निवासी हैं और उनकी उम्र करीब 19 से 22 वर्ष के बीच बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 66,300 रुपये नकद के साथ सोने और चांदी के कई आभूषण बरामद किए हैं। इनमें छह जोड़ी पाजेब, दो मंगलसूत्र, तीन चेन, अंगूठियां, कुंडल, बाली, बिछुए, कड़े, ब्रेसलेट और अन्य जेवर शामिल हैं। इसके अलावा उनके कब्जे से .315 बोर के दो अवैध तमंचे और चार जिंदा कारतूस भी मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में शामिल जीशान और विशु उर्फ पाली के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.