बिहार में बाढ़ का कहर, गहरे पानी में डूबकर पांच लोगों की मौत; चार एक ही परिवार के

HIGHLIGHTS
- घटना के बाद बाईपास थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली।
- मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं, जबकि एक पड़ोसी था।
- ग्रामीणों ने जलभराव वाले स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम और लोगों को सतर्क करने की मांग की है।
गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच बाढ़ का पानी अब लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। बाईपास थाना क्षेत्र के कोयली खुटहा गांव में सड़क पर जमा गहरे बाढ़ के पानी में डूबने से पांच लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
एक को बचाने उतरे, पांच लोग डूबे
बताया जा रहा है कि परिवार के लोग खेत की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर जमा बाढ़ के पानी में एक व्यक्ति गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए अन्य लोग भी पानी में उतर गए। इस दौरान एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में पांच लोग गहरे पानी में डूब गए।
स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में सभी को पानी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान मंचों देवी, सोनाक्षी कुमारी, प्रिंस कुमार, अभिषेक कुमार और अंशु प्रिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इनमें चार लोग एक ही परिवार के थे, जबकि एक मृतक पड़ोसी था।
एक व्यक्ति की हालत गंभीर
हादसे में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका मायागंज अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बाईपास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। थानाध्यक्ष, पंचायत के मुखिया समेत स्थानीय लोग भी मायागंज अस्पताल पहुंचे।
पांच मौतों से अस्पताल में मचा कोहराम
एक साथ पांच लोगों की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार मच गई। वहीं, बाढ़ के दौरान सड़कों पर जमा पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जलजमाव वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था करने और लोगों को सतर्क करने की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.