खड़े हनुमान मंदिर को लेकर बढ़ी हलचल, गुजरात-महाराष्ट्र से दर्शन को पहुंच रहे श्रद्धालु

HIGHLIGHTS
- प्रशासन ने मंदिर की स्थिति को लेकर दोबारा जांच के लिए पुरातत्वविदों को बुलाया है।
- प्रतिमा की स्कैनिंग की जा चुकी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी है।
- पुजारी ने कहा कि सुरक्षित तरीके से प्रतिमा का पुनर्स्थापन होने पर वह प्रशासन का सहयोग करेंगे।
उज्जैन: प्रशासनिक कार्रवाई की आशंका के बीच श्री खड़े हनुमान मंदिर का मामला अब देशभर में चर्चा में है। एक तरफ प्रशासन की ओर से मंदिर को हटाने की कार्रवाई की बात सामने आ रही है, वहीं मंदिर के पुजारी पंडित महेश बैरागी और श्रद्धालु अपनी आस्था की रक्षा के लिए डटे हुए हैं। मीडिया में मामला आने के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं के अलावा गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों से भक्त मंदिर पहुंच रहे हैं।
मंदिर के पुजारी पंडित महेश बैरागी ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्रशासन भगवान श्री खड़े हनुमान जी को हटाने पर अड़ा हुआ है। पुजारी के अनुसार, पुरातत्वविदों को बुलाकर फिर से जांच कराई जा रही है। प्रतिमा की स्कैनिंग भी की गई है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
पंडित महेश बैरागी ने कहा कि उन्होंने हमेशा प्रशासन का सहयोग किया है। उनका कहना है कि यदि प्रतिमा को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित तरीके से पुनर्स्थापित किया जाता है तो वह प्रशासन को पूरा सहयोग करेंगे। हालांकि, उनका आरोप है कि प्रशासन बिना पूर्व सूचना के अचानक भारी मशीनरी लेकर मंदिर पहुंच जाता है और दबाव बनाने की कोशिश करता है।
पुजारी ने आरोप लगाया कि कभी जेसीबी के जरिए मंदिर को नुकसान पहुंचाया जाता है तो कभी प्रतिमा के आसपास छीनी-हथौड़ी से खुदाई की जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि कार्रवाई के लिए क्रेन भी मंगाई जाती है। उनके मुताबिक, कई बार देर रात 12 या 1 बजे फोन करके दबाव बनाया जाता है और पहले से जानकारी दिए बिना मंदिर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी जाती है।
सुरक्षा को लेकर पुजारी ने लगाए सीसीटीवी कैमरे
मंदिर को लेकर चल रही चर्चाओं और अफवाहों के बीच पुजारी पंडित महेश बैरागी ने परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी है। उन्होंने मंदिर के सामने सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। पुजारी ने बताया कि दो रात पहले मंदिर के आसपास कोई गार्ड मौजूद नहीं था। ऐसे में उन्हें आशंका है कि कोई असामाजिक तत्व स्थिति का फायदा उठाकर किसी घटना को अंजाम दे सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन और मंदिर प्रबंधन, दोनों की तरफ से किसी भी तरह की लापरवाही न हो, इसी को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसका उद्देश्य मंदिर की गतिविधियों पर नजर रखना और किसी अप्रिय स्थिति को रोकना है।
गुजरात, महाराष्ट्र और यूपी से पहुंच रहे श्रद्धालु
मीडिया में मामला सामने आने के बाद मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है। गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से भक्त श्री खड़े हनुमान जी के दर्शन करने उज्जैन पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे हैं और भगवान से मंदिर को उसी स्थान पर बनाए रखने की प्रार्थना कर रहे हैं।
हनुमान जी को पहनाई राम नाम की माला
मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं ने भगवान श्री खड़े हनुमान जी को विशेष राम नाम की माला भी पहनाई। पंडित महेश बैरागी ने बताया कि भक्तों की भावना है कि भगवान हनुमान को भगवान श्रीराम का आशीर्वाद और बल मिले, जिससे वे अपने स्थान पर मजबूती से विराजमान रहें। श्रद्धालु मंदिर और प्रतिमा की रक्षा के लिए पूजा-पाठ और प्रार्थना कर रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.