पश्चिम एशिया तनाव का असर, लगातार तीसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार

HIGHLIGHTS
- ब्रेंट क्रूड 2.67 फीसदी बढ़कर 100.5 डॉलर प्रति बैरल पहुंचा।
- एचसीएल टेक के शेयरों में 4.55 फीसदी की सबसे बड़ी गिरावट रही।
- इंफोसिस, टेक महिंद्रा और टीसीएस भी दबाव में रहे।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने का असर भारतीय शेयर बाजार पर दिखाई दिया। सेंसेक्स और निफ्टी बुधवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 813.35 अंक लुढ़का, जबकि निफ्टी 23,450 के स्तर से नीचे बंद हुआ। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 813.35 अंक यानी 1.08 फीसदी की गिरावट के साथ दिन के निचले स्तर 74,764.23 अंक पर बंद हुआ। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 203.60 अंक यानी 0.86 फीसदी टूटकर 23,431.50 अंक पर आ गया।
आईटी शेयरों में बिकवाली से बाजार पर दबाव
आईटी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली और विदेशी निवेशकों की लगातार निकासी से बाजार पर दबाव बढ़ा। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में एचसीएल टेक में सबसे ज्यादा 4.55 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा इंफोसिस, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचडीएफसी बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर भी प्रमुख गिरावट वाले शेयरों में रहे। वहीं, अडाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील, ट्रेंट और एनटीपीसी बढ़त के साथ बंद हुए।
100 डॉलर के पार पहुंचा ब्रेंट क्रूड
वैश्विक तेल बाजार में तेजी ने भी भारतीय शेयर बाजार की चिंता बढ़ाई। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 2.67 फीसदी की तेजी के साथ 100.5 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर के अनुसार, भारतीय शेयर बाजार में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र गिरावट का सिलसिला जारी रहा। महंगा कच्चा तेल, भू-राजनीतिक तनाव और बाजार में बढ़ी अस्थिरता ने निवेशकों के भरोसे पर दबाव डाला, जिससे बाजार में मंदी का रुख और मजबूत हुआ।
बाजार में बढ़ती चिंता का असर इंडिया VIX पर भी नजर आया। इसमें छह फीसदी से अधिक की तेजी दर्ज की गई। यह निकट अवधि के बाजार को लेकर बढ़ती सावधानी और हेजिंग गतिविधियों में बढ़ोतरी का संकेत है।
विदेशी निवेशकों ने भी की बिकवाली
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने मंगलवार को 123.19 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की। इससे घरेलू शेयर बाजार की धारणा पर भी दबाव बढ़ा।
एशियाई और यूरोपीय बाजारों का क्या रहा हाल?
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी और शंघाई का एसएसई कंपोजिट इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं, जापान का निक्केई 225 और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजारों में भी कमजोरी देखने को मिली। इससे पहले मंगलवार को अमेरिकी बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए।
एक दिन पहले भी बाजार में आई थी बड़ी गिरावट
मंगलवार को भी भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 555.23 अंक यानी 0.73 फीसदी टूटकर 75,577.58 अंक पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 144.05 अंक यानी 0.61 फीसदी की गिरावट के साथ 23,635.10 अंक पर बंद हुआ था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.