गुजरात: ‘डायन’ के शक में भीड़ का हमला, एक की मौत और दो घायल

गुजरात के साबरकांठा जिले के विजय नगर तालुका के गदिवकड़ा गांव में अंधविश्वास के चलते फैली भीड़ हिंसा ने एक परिवार को उजाड़ दिया। “डायन” होने की अफवाह के कारण भड़की भीड़ के हमले में अपनी पत्नी को बचाने की कोशिश कर रहे मनुभाई डामोर की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, गांव में यह अफवाह फैल गई थी कि स्थानीय निवासी कमलाबेन “चुड़ैल” हैं। इसी अंधविश्वास के चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और परिवार को गांव छोड़ने की चेतावनी देने लगे। स्थिति धीरे-धीरे तनावपूर्ण होती चली गई और भीड़ हिंसक हो उठी।
पुलिस के मुताबिक, गुस्साई भीड़ ने पहले घर की ओर बढ़कर कमलाबेन पर हमला करने की कोशिश की और पथराव शुरू कर दिया। इससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। हालात बिगड़ते देख मनुभाई डामोर और उनके परिजन बीच-बचाव के लिए आगे आए, लेकिन भीड़ ने उन पर भी हमला कर दिया।
इस दौरान हमलावरों ने धारदार हथियारों से हमला किया, जिसमें मनुभाई के सिर पर गंभीर चोट लगी। गंभीर रूप से घायल मनुभाई को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हमले में परिवार के दो अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
खेड़ब्रह्मा डिवीजन के पुलिस उपाधीक्षक कुलदीप नाई ने बताया कि इस मामले में हत्या और हिंसा के आरोप में 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें आठ पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं, जो कथित तौर पर भीड़ का हिस्सा थीं।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। मामले की जांच जारी है और गांव में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.