गुरुग्राम: सिंगर फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर के घर हमला, फायरिंग में सुरक्षाकर्मी घायल

गुरुग्राम के सेक्टर-45 स्थित कन्हई गांव में शनिवार देर रात फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई। बाइक पर सवार बदमाशों ने गायक राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर सौरव यादव के घर के बाहर गोलियां चलाईं। इस हमले में उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी कुलविंदर घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 11 बजे दो बदमाश बाइक पर पहुंचे और घर के बाहर आते ही तीन राउंड फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों का निशाना सौरव यादव थे, लेकिन गोलीबारी की चपेट में सुरक्षाकर्मी आ गए। दो गोलियां उन्हें लगीं, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। इलाके की घेराबंदी कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।
सूत्रों के अनुसार, सौरव यादव को पहले भी विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नांदल की ओर से धमकी मिली थी। इसके बाद उनकी सुरक्षा में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। घटना के समय सौरव यादव घर की पहली मंजिल पर मौजूद थे, जबकि सुरक्षाकर्मी गेट के पास ड्यूटी पर थे।
पुलिस ने सेक्टर-40 थाने में दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि सौरव यादव और दीपक नांदल एक-दूसरे को पहले से जानते थे और दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था।
पुलिस का कहना है कि घायल सुरक्षाकर्मी की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच की कई टीमें लगाई गई हैं और जल्द कार्रवाई का दावा किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.