CM सैनी के ध्वजारोहण से पहले हांसी में बवाल, ग्रामीणों पर लाठीचार्ज; SP-DSP घायल

HIGHLIGHTS
- सैकड़ों महिलाएं और ग्रामीण ट्रैक्टरों के साथ हांसी पहुंचे।
- पुलिस ने हांसी-बरवाला रोड और जींद रोड पर कंटेनर लगाकर नाकाबंदी की।
- प्रदर्शनकारियों ने नाकाबंदी पार कर कार्यक्रम स्थल के पास पहुंचने की कोशिश की।
हांसी। स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हांसी में ध्वजारोहण से पहले शुक्रवार सुबह जीवन कुंडू हत्याकांड के आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और पुलिस के बीच टकराव हो गया।
सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और ग्रामीण ट्रैक्टरों के साथ हांसी पहुंचे। पुलिस की नाकाबंदी के बावजूद प्रदर्शनकारियों का एक समूह राजकीय महाविद्यालय में बनाए गए मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल के नजदीक तक पहुंच गया। यहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाया।
किसान संगठनों और खाप प्रतिनिधियों ने पहले ही ऐलान किया था कि जीवन कुंडू हत्याकांड के मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर मुख्यमंत्री के हांसी कार्यक्रम का विरोध किया जाएगा। इसे देखते हुए पुलिस ने वीरवार रात से ही हांसी आने वाले प्रमुख रास्तों पर नाकाबंदी मजबूत कर दी थी।
रात से नाकाबंदी, सुबह गांवों से निकलने लगे जत्थे
विरोध के ऐलान के बाद पुलिस पूरी रात सतर्क रही। शुक्रवार अलसुबह आसपास के गांवों में महिलाएं और ग्रामीण एकत्रित होने लगे। सुबह होते-होते ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों से सैकड़ों लोग हांसी की तरफ बढ़े। पुलिस ने कई स्थानों पर उन्हें रोकने का प्रयास किया।
कंटेनरों से रोके हांसी आने वाले रास्ते
हांसी-बरवाला रोड और जींद रोड समेत शहर में प्रवेश के प्रमुख रास्तों पर पुलिस ने बड़े कंटेनर खड़े कर नाकाबंदी की। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। विरोध को देखते हुए शहर में आने-जाने वाले मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी गई, जिससे सामान्य आवाजाही भी प्रभावित हुई।
नाकाबंदी पार कर कॉलेज के नजदीक पहुंचे प्रदर्शनकारी
सुरक्षा घेरे के बावजूद प्रदर्शनकारियों का एक समूह राजकीय महाविद्यालय स्थित स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल के नजदीक पहुंच गया। यहां आगे बढ़ने को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी हुई। स्थिति तनावपूर्ण होने के बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को पीछे किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.