रेवाड़ी में भीषण सड़क हादसा, कार पर पलटा चने से भरा ट्राला; चार लोगों की मौत

HIGHLIGHTS
- रेवाड़ी के बनीपुर चौक के पास रविवार रात हुआ दर्दनाक सड़क हादसा।
- चने की बोरियों से भरा ट्राला अनियंत्रित होकर कार पर पलटा।
- हादसे में कार सवार दीपक, दिव्या, नितिन और सरिता की मौत।
रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर रेवाड़ी के बनीपुर चौक के पास रविवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। चने की बोरियों से लदा एक ट्राला अनियंत्रित होकर पास से गुजर रही कार पर पलट गया। इस दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय कार में सवार सभी लोग ट्राले के नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की सहायता से ट्राले को हटवाया गया और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से भाग निकला।
खाटू श्याम के दर्शन करके लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के पालम निवासी दीपक अपनी पत्नी दिव्या और बेटे के साथ राजस्थान के सीकर स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम धाम में दर्शन करने गए थे। उनके साथ दिल्ली के सुभाष नगर निवासी नितिन और सरिता भी थे। सभी दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे।
ट्राला कार पर पलटने से मची अफरा-तफरी
रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे कार बनीपुर चौक के नजदीक पहुंची। इसी दौरान साथ चल रहा चने की बोरियों से भरा ट्राला अचानक बेकाबू होकर कार के ऊपर पलट गया। ट्राले के नीचे दबने से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
चार लोगों की मौत, बच्चा गंभीर रूप से घायल
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्राले को हटवाया और कार में फंसे पांचों लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को बावल के अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने दीपक, दिव्या, नितिन और सरिता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल बच्चे का उपचार शुरू किया गया।
हादसे के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। उधर, दुर्घटना के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.