फरीदाबाद हत्याकांड का CCTV वीडियो आया सामने, विवाद खत्म होने की बात पर भी परमजीत पर बरसाईं गोलियां

HIGHLIGHTS
- फरीदाबाद के सेक्टर-21सी में पूर्व कॉर्पोरेट कार्यकारी परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या की गई थी।
- हत्याकांड से जुड़े तीन CCTV वीडियो सामने आए हैं।
- वीडियो में परमजीत कहते सुनाई दे रहे हैं कि दोनों के बीच विवाद खत्म हो चुका है।
फरीदाबाद। सेक्टर-21सी में मामूली विवाद को लेकर पूर्व कॉर्पोरेट कार्यकारी परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में अब तीन वीडियो सामने आए हैं। इन वीडियो में परमजीत आरोपी मोनू शर्मा से कहते सुनाई दे रहे हैं कि दोनों के बीच विवाद खत्म हो चुका है। इसके बावजूद आरोपी लगातार उन पर गोलियां चलाता रहा। जान बचाने के लिए परमजीत जब गेट की तरफ भागे, तो हमलावर उनके पीछे दौड़ा और बीच सड़क पर भी फायरिंग जारी रखी।
CCTV फुटेज में सुनाई दी आरोपी और परमजीत के बीच बातचीत
बुधवार को सामने आए सीसीटीवी फुटेज में आरोपी मोनू की परमजीत से बातचीत सुनाई दे रही है। वीडियो में वह पहले ताना मारते हुए कहता है, 'देखा है विधवा कैसी होती है?' इसी दौरान परमजीत का बेटा बीच में कुछ कहता है, लेकिन पिता उसे डांटकर चुप रहने के लिए कहते हैं।
इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस होती है। इस दौरान आरोपी कहता है, 'तुझे भगवान में बहुत विश्वास है, चल तुझे भगवान के पास ही पहुंचाता हूं।' इतना कहने के बाद वह परमजीत पर लगातार गोलियां चलाने लगता है। आरोपी ने उन्हें 9 गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया।
पार्किंग और पालतू कुत्ते को लेकर था विवाद
पुलिस की जांच के मुताबिक, आरोपी पड़ोसी और पीड़ित परिवार के बीच वाहन खड़ा करने को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इसके अलावा साझा क्षेत्र में पालतू कुत्ते के शौच करने को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच अनबन थी।
घटना वाली रात इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई। इसके बाद आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकालकर परमजीत पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी चलाता रहा गोलियां
सामने आए सीसीटीवी वीडियो में दिखाई देता है कि मोहन उर्फ मोनू शर्मा करीब चार मिनट तक बहस करने के बाद परमजीत धनखड़ पर गोलियां चलाना शुरू करता है। परमजीत के जमीन पर गिर जाने के बावजूद आरोपी उन पर फायरिंग करता रहता है।
पीड़ित जब जान बचाने के लिए वहां से भागने की कोशिश करते हैं, तो हमलावर उनके पीछे दौड़ता है और कई और गोलियां चलाता दिखाई देता है। फुटेज में आरोपी गाली-गलौज करते हुए अपनी पिस्तौल की मैगजीन बदलता हुआ भी नजर आ रहा है।
बल्लभगढ़ के DLF चौक से आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के बेटे की शिकायत पर सूरजकुंड थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को बल्लभगढ़ के DLF चौक से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।
इस मामले में एक और अहम बात सामने आई है। बीते शुक्रवार को विवाद थाने पहुंचा था। उस दौरान पुलिसकर्मियों के सामने ही मोनू ने परमजीत को जान से मारने की धमकी दी थी। हालांकि, उस समय किसी ने भी इस धमकी को गंभीरता से नहीं लिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.