15 नवंबर को शादी के बंधन में बंधेंगे IAS विवेक आर्य और IPS अदिति सिंह, गांव में हुई घुड़चढ़ी

HIGHLIGHTS
- हरियाणा कैडर के IAS विवेक आर्य और IPS अदिति सिंह 15 नवंबर को शादी करेंगे
- दोनों पंचकूला में सात फेरे लेंगे और विवाह आर्य समाज की परंपरा के अनुसार होगा।
- शुक्रवार को विवेक आर्य के पैतृक गांव गोपी में घुड़चढ़ी की रस्म संपन्न हुई।
चरखी दादरी/बाढड़ा। हरियाणा कैडर के आईएएस अधिकारी विवेक आर्य और उत्तर प्रदेश की रहने वाली आईपीएस अधिकारी अदिति सिंह 15 नवंबर को पंचकूला में विवाह बंधन में बंधेंगे। विवेक आर्य चरखी दादरी जिले के गोपी गांव के निवासी हैं।
शुक्रवार को उनके पैतृक गांव गोपी में घुड़चढ़ी की रस्म पूरी की गई। इस शादी की खास बात यह है कि विवाह की तारीख पंचांग देखे बिना तय की गई है। दोनों का विवाह आर्य समाज की परंपरा के अनुसार सादगी से संपन्न होगा। फिलहाल इस शादी को लेकर दादरी जिले में काफी चर्चा हो रही है।
विवेक आर्य ने अपनी शुरुआती पढ़ाई सरकारी स्कूल से की और इसके बाद आईएएस अधिकारी बनने तक का सफर तय किया। उन्होंने पांचवीं कक्षा बेरला के राजकीय स्कूल से पास की थी। इसके बाद छठी से 12वीं तक की पढ़ाई सैनिक स्कूल कुंजपुरा से पूरी की।
चंडीगढ़ में आगे की शिक्षा हासिल करने के बाद उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में 131वीं रैंक प्राप्त की और आईएएस बनने का सपना पूरा किया। मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री नेशनल प्रशिक्षण अकादमी में ट्रेनिंग के दौरान उनकी मुलाकात उत्तर प्रदेश के मेरठ की रहने वाली और हिमाचल प्रदेश कैडर की आईपीएस अधिकारी अदिति सिंह से हुई थी।
अब दोनों 15 नवंबर को शादी के बंधन में बंधेंगे। वर्तमान में दोनों पंचकूला में तैनात हैं। वहीं, वीरवार शाम बाढड़ा में प्रीतिभोज का आयोजन किया गया, जिसमें कई राजनेताओं के साथ आईपीएस और एचसीएस अधिकारी भी शामिल हुए।
शादी के चलते अदिति सिंह को मिला हरियाणा कैडर
अदिति सिंह मूल रूप से मेरठ की निवासी हैं। वर्ष 2020 में उन्होंने यूपीपीएससी परीक्षा में 54वीं रैंक हासिल कर एसडीएम का पद प्राप्त किया था। इसके बाद यूपीएससी परीक्षा में 679वीं रैंक हासिल कर वह आईपीएस अधिकारी बनीं। उन्हें हिमाचल प्रदेश कैडर आवंटित हुआ था। हरियाणा कैडर के आईएएस अधिकारी विवेक आर्य से विवाह तय होने के बाद उन्हें हरियाणा कैडर मिला।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.