गुरुग्राम में युवक को बेरहमी से पीटा, अधमरी हालत में स्कूटी से घसीटकर घर के बाहर फेंका

HIGHLIGHTS
- गुरुग्राम की नई बस्ती में 11 नवंबर की दोपहर युवक के साथ मारपीट हुई।
- घायल युवक की पहचान नितिन कुमार के रूप में हुई है।
- परिजनों ने 7-8 साल पुरानी रंजिश को हमले की वजह बताया।
गुरुग्राम। अर्जुन नगर पुलिस चौकी क्षेत्र के नई बस्ती में 11 नवंबर की दोपहर कई युवकों ने एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि पिटाई के बाद आरोपी उसे अधमरी हालत में स्कूटी से घसीटते हुए उसके घर के सामने छोड़कर फरार हो गए। घटना के समय युवक की मां और भाई घर पर मौजूद नहीं थे। ऐसे में पड़ोसियों ने घायल युवक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया और उसकी मां व भाई को घटना की जानकारी दी।
7-8 साल पुरानी है रंजिश
घायल युवक नितिन कुमार के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपियों के साथ उनकी 7-8 साल पुरानी किसी बात को लेकर रंजिश चल रही है। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने 11 नवंबर की दोपहर नितिन कुमार के साथ बेरहमी से मारपीट की।
परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने नुकीली वस्तु से भी युवक पर वार किए, जिससे उसके शरीर पर कई जगह चोटें आईं। इसके बाद जब नितिन अधमरी हालत में पहुंच गया तो आरोपी उसे स्कूटी से घसीटते हुए घर के सामने फेंककर भाग गए। उस समय आसपास पड़ोसी मौजूद थे, लेकिन वे भी आरोपियों को पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
इन युवकों पर मारपीट का आरोप
नितिन को स्कूटी से घसीटकर घर के बाहर फेंकने का वीडियो भी सामने आया है। घायल युवक के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में साहिल, गिल्लू उर्फ तुषार, लोकेश उर्फ लोकी समेत अन्य युवकों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
पुलिस क्या बोली?
अर्जुन नगर चौकी प्रभारी राजबीर ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मारपीट, गंभीर चोट पहुंचाने, जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य धाराओं में नामजद युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.