दिल्ली में गर्मी ने पकड़ी रफ्तार, तापमान 40 डिग्री के पार

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में गर्मी ने अब अपना असर और तेज कर दिया है। लगातार बढ़ते तापमान और तेज धूप के कारण लोग दिन के समय काफी परेशानी महसूस कर रहे हैं। गुरुवार को भी पूरे दिन तेज धूप बनी रही, जिससे गर्मी का असर और बढ़ गया। हालांकि मौसम विभाग ने शुक्रवार को आंशिक बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है, लेकिन इससे तापमान में बड़ी गिरावट की उम्मीद कम है।
कई इलाकों में 41 डिग्री के पार तापमान
गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3.5 डिग्री ज्यादा होकर 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री कम 20.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं, राजधानी का रिज क्षेत्र सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री और न्यूनतम 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 19 से 73 प्रतिशत के बीच रहा।
दोपहर में सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री अधिक बना हुआ है, जिससे दिन के समय तेज गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है। आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है, ऐसे में लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।
हल्की बारिश की संभावना
शुक्रवार को मौसम में बदलाव की संभावना है। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल सकती हैं। शनिवार को भी आंशिक बादल छाए रहने के बाद मौसम साफ होने की संभावना जताई गई है, जबकि तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.