कांवड़ यात्रा को लेकर मेरठ में हाईलेवल बैठक, मुख्य सचिव और डीजीपी ने दिए अहम निर्देश

HIGHLIGHTS
- मेरठ में मुख्य सचिव एसपी गोयल और डीजीपी राजीव कृष्ण की अध्यक्षता में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
- अधिकारियों को "शून्य दुर्घटना, शून्य घटना" लक्ष्य के साथ सुरक्षा, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाएं, सीसीटीवी और ड्रोन निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
- डीजीपी ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और यातायात व्यवस्था के लिए पड़ोसी राज्यों के साथ बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण की संयुक्त अध्यक्षता में मेरठ में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़ और मुरादाबाद मंडलों के अधिकारियों के साथ उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी ऑनलाइन और प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए।
मुख्य सचिव एसपी गोयल ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने "शून्य दुर्घटना, शून्य घटना" के लक्ष्य के साथ अधिकारियों को यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई, स्वच्छता व्यवस्था, चिकित्सा शिविरों की स्थापना, बाइक एंबुलेंस की व्यवस्था और अस्पतालों में बेड आरक्षित रखने के निर्देश दिए।
बैठक में ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था के लिए डायवर्जन प्लान, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने पर भी चर्चा की गई। बैठक से पहले मुख्य सचिव ने बाबा औघड़नाथ मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक किया और वहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
डीजीपी ने अफवाहों पर कार्रवाई के दिए निर्देश
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने अधिकारियों को आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
डीजीपी ने उच्चतम न्यायालय के निर्धारित मानकों के अनुसार डीजे संचालन और ध्वनि सीमा का पालन सुनिश्चित कराने को कहा। साथ ही पड़ोसी राज्यों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने पर जोर दिया।
बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) भानु भास्कर, मंडलायुक्त भानू चन्द्र गोस्वामी, जिलाधिकारी मेरठ डॉ. वीके सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अविनाश पांडे सहित विभिन्न राज्यों और मंडलों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.