कानपुर हाईवे पर भीषण हादसा: खड़े ट्रक में घुसी स्कॉर्पियो, 3 की मौत और 9 घायल

HIGHLIGHTS
- कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर महाराजपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो खड़े ट्रक से टकरा गई, हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।
- स्कॉर्पियो में सवार 12 लोगों में से नौ घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
- पुलिस और एनएचएआई की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रूमा इलाके में न्यू जेके ढाबा के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ।
जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो (एचआर 14एम 9501) हरियाणा के सिरसा से बिहार जा रही थी। वाहन में कुल 12 लोग सवार थे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि किसी वाहन को बचाने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगड़ गया और स्कॉर्पियो पीछे से खड़े ट्रक में जा घुसी।
हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक करीब 45 वर्षीय व्यक्ति, 13 वर्षीय किशोरी और लगभग 9 वर्षीय बच्चा शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुर पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। राहत कार्य के तहत क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को हटाया गया और हाईवे पर यातायात बहाल कराया गया।
घटना में घायल नौ लोगों को तत्काल एंबुलेंस से कांशीराम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में दो महिलाएं, चार पुरुष और तीन बच्चियां शामिल हैं। घायलों में हिमांशु, नील यादव, केशव भारती और अनिशा, स्नेहा समेत तीन बच्चियां शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोगों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और पूरे मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.