‘पुलिस पर गोली चलाई तो उसी की भाषा में जवाब मिलेगा’: मुजफ्फरनगर SSP सूरज राय की चेतावनी

HIGHLIGHTS
- सूरज राय ने शुक्रवार शाम करीब 4 बजे मीडिया से बातचीत की।
- उन्होंने राजनीतिक, किसान और सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय बनाए रखने की बात कही।
- कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए पुलिस को तैयार किया जाएगा।
मुजफ्फरनगर। जिले के नए SSP सूरज राय ने शुक्रवार शाम करीब 4 बजे मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर में कानून का राज कायम करना उनकी प्राथमिकता है। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा।
संवेदनशील जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
SSP सूरज राय ने कहा कि मुजफ्फरनगर कई मायनों में संवेदनशील जिला है। ऐसे में पुलिस को हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार किया जाएगा। जिले में सुरक्षा का माहौल बनाए रखने के लिए राजनीतिक दलों, किसान संगठनों, सामाजिक संगठनों और मीडिया के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़ी हर चुनौती का सामना किया जाएगा और शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्रवाई होगी।
पुलिस पर गोली चलाने वाले बदमाशों के खिलाफ सख्ती
सूरज राय ने पुलिस पर गोली चलाने वाले बदमाशों को लेकर सख्त रुख अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि पुलिस पर गोली चलाने वाले बदमाशों को उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
तथ्यों के आधार पर खबरें प्रकाशित करने की अपील
मीडिया की भूमिका पर SSP ने कहा कि कलम में बड़ी ताकत होती है। यदि इसका इस्तेमाल पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए किया जाता है तो पुलिस इसका स्वागत करेगी। उन्होंने खबरों को सनसनीखेज बनाने के लिए तथ्यों से खिलवाड़ नहीं करने की अपील की। साथ ही कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में मीडिया का सहयोग जरूरी है, लेकिन खबरों की तथ्यात्मकता से समझौता नहीं होना चाहिए।
4,800 पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने पर ध्यान
SSP ने बताया कि जिले में करीब 4,800 पुलिसकर्मी तैनात हैं। पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने और उनकी सुविधाओं में सुधार के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम लोगों को पुलिसकर्मियों के व्यवहार से परेशानी नहीं होनी चाहिए। किसी पुलिसकर्मी की अनुशासनहीनता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इंजीनियरिंग के बाद 2018 में बने IPS
मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले सूरज राय ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद वर्ष 2018 में IPS सेवा ज्वाइन की थी। वह मेरठ में ASP, सहारनपुर में SP ग्रामीण और आगरा में DCP नगर की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके बाद उन्हें बागपत का SP नियुक्त किया गया था।
शासन ने संजय कुमार वर्मा का तबादला कर सूरज राय को मुजफ्फरनगर का SSP नियुक्त किया है।
मीडिया से बातचीत के दौरान SP सिटी अमृत जैन, SP देहात अक्षय संजय महाडिक और CO सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा भी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.