झारखंड में NTPC की निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट टूटी, हादसे में 3 मजदूरों की मौत

HIGHLIGHTS
- चतरा जिले के टंडवा स्थित NTPC की उत्तरी कर्णपुरा परियोजना में बुधवार को हादसा हुआ।
- निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट में सुबह करीब 11:45 बजे दुर्घटना हुई।
- हादसे में तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि थाना प्रभारी विपिन कुमार ने की है।
चतरा। झारखंड के चतरा जिले के टंडवा स्थित NTPC की उत्तरी कर्णपुरा मेगा विद्युत ताप परियोजना में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। परियोजना की निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट में सुबह करीब 11:45 बजे हुई दुर्घटना में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए टंडवा के संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। थाना प्रभारी विपिन कुमार ने तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि फिलहाल मृतकों में से एक की पहचान राजेंद्र सोनी के रूप में हुई है, जो टंडवा का रहने वाला था। अन्य दो मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना NTPC के CHP JH-1 लोकेशन पर हुई, जहां कन्वेयर बेल्ट के निर्माण का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि कन्वेयर बेल्ट टूटने की वजह से यह हादसा हुआ। घटना में 5 से 6 मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
थायसन कंपनी को मिला था परियोजना का ठेका
इस परियोजना का ठेका NTPC की ओर से थायसन कंपनी को दिया गया है, जबकि निर्माण कार्य पेटी ठेकेदार सिंपलेक्स कंपनी के माध्यम से कराया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, निर्माणाधीन स्ट्रक्चर के डिजाइन में कथित खामी को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है।
हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। मामले की जांच के बाद ही घटना की पूरी वजह सामने आ सकेगी।
मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे ने निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का कितना पालन किया जा रहा था और क्या स्ट्रक्चर की तकनीकी जांच कराई गई थी, इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही मिल पाएंगे।
हादसे में घायल मजदूरों का टंडवा स्थित संजीवनी अस्पताल में इलाज जारी है। प्रशासन और संबंधित कंपनियों की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.