दिल्ली के पहाड़गंज में नाबालिग ने स्कॉर्पियो से पान-बीड़ी विक्रेता को मारी टक्कर, हालत गंभीर

HIGHLIGHTS
- सेंट्रल दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से हादसा हुआ।
- स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे मौजूद पान-बीड़ी विक्रेता रमेश (40) को टक्कर मारी।
- हादसे में रमेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
नई दिल्ली। सेंट्रल दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़े एक पान-बीड़ी विक्रेता को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो अन्य नाबालिगों को भी मामूली चोटें आई हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि हादसे के वक्त स्कॉर्पियो कथित तौर पर एक नाबालिग चला रहा था। टक्कर के बाद वह गाड़ी को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी नाबालिग चालक की तलाश शुरू कर दी है।
डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, पहाड़गंज के आराम बाग इलाके में सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। हादसा अंबेडकर रोड पर टाइप-I क्वार्टर के ब्लॉक नंबर-50 के पास हुआ था। मौके पर पहुंची पुलिस को जानकारी मिली कि एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने स्थानीय पान-बीड़ी विक्रेता रमेश (40) को टक्कर मार दी है।
दुर्घटना के बाद घायल रमेश को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो कथित तौर पर एक नाबालिग चला रहा था। टक्कर के बाद घबराया चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग निकला।
हादसे में दो अन्य नाबालिगों को भी हल्की चोटें आई हैं। पुलिस उनकी पहचान, घटना में उनकी भूमिका और वर्तमान मेडिकल स्थिति की जानकारी जुटा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल के साथ जब्त की गई स्कॉर्पियो का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। अब पुलिस वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसके मालिक और फरार नाबालिग चालक की पहचान करने में जुटी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.