दिल्ली में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार 19 वर्षीय युवक की मौत

HIGHLIGHTS
- बाहरी दिल्ली के भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के सड़क हादसा हुआ।
- करनाल बाईपास आउटर रिंग रोड पर अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मारी।
- हादसे में स्कूटी सवार अभिषेक (19) और शिवम (22) घायल हुए।
बाहरी दिल्ली। बाहरी दिल्ली के भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र में करनाल बाईपास आउटर रिंग रोड पर शनिवार तड़के एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार दो युवक घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 19 वर्षीय अभिषेक ने दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में शिवम (22) भी घायल हुआ है। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 4:40 बजे भलस्वा डेयरी थाने में सड़क दुर्घटना को लेकर पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना मिलने पर एएसआई गजराज मौके पर पहुंचे। हालांकि, तब तक घायल शिवम पुत्र किशन और अभिषेक पुत्र अशोक को बीजेआरएम अस्पताल ले जाया जा चुका था।
अज्ञात वाहन ने स्कूटी को मारी टक्कर
पुलिस ने हादसे में क्षतिग्रस्त हुई स्कूटी को अपने कब्जे में लेकर थाने में रखवा दिया। पीसीआर कॉल करने वाले प्रवीण ने बताया कि वह रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सड़क पर दोनों युवक घायल हालत में पड़े दिखाई दिए। उनकी स्कूटी को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी।
इसके बाद प्रवीण ने पुलिस को घटना की सूचना दी। दोनों घायलों को बीजेआरएम अस्पताल से एलएनजेपी अस्पताल रेफर किया गया। यहां उपचार के दौरान अभिषेक की मौत हो गई। उसके परिजनों ने जांच अधिकारी को इसकी जानकारी दी।
भलस्वा डेयरी थाना पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही, फरार वाहन चालक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.