दिल्ली में प्रदूषण पर लगाम लगाने की तैयारी, एमसीडी के बेड़े में शामिल हुईं 10 नई मशीनें

HIGHLIGHTS
- दिल्ली में मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों के बेड़े में 10 नई मशीनें शामिल हुईं।
- नई मशीनों के साथ कुल संख्या बढ़कर 77 हो गई है।
- फरवरी 2027 तक 60 और मशीनें एमसीडी के बेड़े में शामिल की जाएंगी।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों की संख्या बढ़ाई जा रही है। इसी कड़ी में 10 नई मशीनें निगम के बेड़े में शामिल की गई हैं। इसके साथ ही मशीनों की कुल संख्या 77 हो गई है।
बाकी 60 मशीनों को फरवरी 2027 तक चरणबद्ध तरीके से एमसीडी के बेड़े में शामिल करने की योजना है। इसके बाद मशीनों की कुल संख्या बढ़कर 136 हो जाएगी। इससे प्रतिदिन सड़कों की पांच हजार किलोमीटर लेन लंबाई की सफाई मशीनों के माध्यम से संभव हो सकेगी।
फिलहाल निगम की 66 मौजूदा मशीनों से 2100 किलोमीटर लेन लंबाई की सफाई की जा रही है। नई मशीनों को निगम मुख्यालय सिविक सेंटर से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, महापौर प्रवेश वाही, निगम पार्षदों और अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ये मशीनें इटली से मंगाई गई हैं। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण इन्हें हवाई मार्ग से दिल्ली लाना पड़ा। युद्ध की वजह से मशीनों की आपूर्ति में देरी भी हुई है। हवाई मार्ग से परिवहन के चलते इन्हें लाने की प्रक्रिया अधिक जटिल होने के साथ खर्चीली भी हो गई है।
फरवरी 2027 तक बेड़े में शामिल होंगी 60 मशीनें
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि नई खेप में एक सीएनजी और नौ इलेक्ट्रिक मशीनें शामिल हैं। इनके साथ पांच वाटर टैंकर और चार डस्ट डंप वाहन भी उपलब्ध कराए गए हैं।
इन वाहनों और मशीनों की सहायता से सड़कों पर जमा धूल और कचरे को समय रहते हटाया जा सकेगा। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और सेंसर आधारित तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।
इस तकनीक के माध्यम से कंट्रोल रूम से मशीनों की आवाजाही, काम करने के घंटे, तय की गई दूरी और एकत्रित धूल की मात्रा पर नजर रखी जाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस ये मशीनें दिल्ली की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि सड़क की धूल प्रदूषण का एक बड़ा कारण है। ऐसे में मशीनों के माध्यम से सफाई और धूल नियंत्रण के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।
एक शिफ्ट में 40 किलोमीटर सफाई का लक्ष्य
एमसीडी के मुताबिक, प्रत्येक नई मशीन से एक शिफ्ट में प्रतिदिन कम से कम 40 किलोमीटर सड़क की लेन लंबाई साफ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
नई खेप में शामिल नौ इलेक्ट्रिक मशीनों की क्षमता दो घन मीटर है, जबकि सीएनजी मशीन की क्षमता चार घन मीटर से अधिक है। मशीनों के रखरखाव के लिए अनुबंध में 10 साल की व्यवस्था भी की गई है।
12 जोन में तैनात की जाएंगी मशीनें
इस परियोजना के तहत निजी एजेंसी 55 इलेक्ट्रिक और 15 सीएनजी संचालित मशीनें खरीद रही है। बाकी मशीनों को चरणबद्ध तरीके से निगम के सभी 12 जोन में तैनात किया जाएगा।
बताया गया कि निगम इन मशीनों के लिए प्रति किलोमीटर के आधार पर भुगतान करेगा। महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि आधुनिक मशीनों के आने से सफाई व्यवस्था को गति मिलेगी।
वहीं, पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आधुनिक तकनीक और बेहतर निगरानी के माध्यम से सड़कों की धूल को नियंत्रित करना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.