भारत ने बनाई बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन, 20 नवंबर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे शिवराज सिंह चौहान

HIGHLIGHTS
- भारत ने बर्ड फ्लू से बचाव के लिए पहली स्वदेशी H5N1 वैक्सीन तैयार की है।
- यह वैक्सीन मुर्गियों को बर्ड फ्लू से सुरक्षित रखने के लिए विकसित की गई है।
- भोपाल स्थित ICAR-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) ने इसे तैयार किया है।
नई दिल्ली। भारत ने बर्ड फ्लू से बचाव के लिए अपनी पहली स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर ली है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे। मुर्गियों को बर्ड फ्लू से सुरक्षित रखने के लिए तैयार की गई H5N1 वैक्सीन भोपाल स्थित ICAR-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) ने विकसित की है।
वैक्सीन को लेकर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने आधिकारिक बयान जारी किया है। इसमें बताया गया है कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को भोपाल स्थित ICAR-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान में मुर्गियों के लिए निष्क्रिय H5N1 (क्लेड 2.3.2.1A) अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा (HPAI) वायरस वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
ICAR-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान ने इस वैक्सीन को स्वदेशी तकनीक से विकसित किया है। भारत में H5N1 HPAI वायरस के क्लेड 2.3.2.1A के खिलाफ तैयार की गई यह अपनी तरह की पहली वैक्सीन है।
मंत्रालय के अनुसार, HPAI को आमतौर पर बर्ड फ्लू के नाम से जाना जाता है। यह मुर्गियों और अन्य पक्षियों को प्रभावित करने वाली गंभीर बीमारी है। इसके प्रकोप में संक्रमित पक्षियों की 100 प्रतिशत मौत हो सकती है। बीमारी के कारण बड़े पैमाने पर पक्षियों को मारना पड़ता है और व्यापार पर प्रतिबंध लगते हैं। इससे पोल्ट्री किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
बर्ड फ्लू का असर केवल पोल्ट्री फार्मों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वैश्विक व्यापार, पोल्ट्री उत्पादों की कीमतों और किसानों की आजीविका पर भी पड़ता है। वर्ष 2006 में भारत में पहली बार इस बीमारी का पता चलने के बाद से देश में H5N1 और H5N8 उपप्रकारों के 500 से अधिक संयुक्त प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं।
बर्ड फ्लू से कितना होता है नुकसान?
केंद्र सरकार के मुताबिक, बर्ड फ्लू का एक बड़ा प्रकोप भारत की GDP वृद्धि दर को 1.5 प्रतिशत तक घटा सकता है। यदि इस बीमारी का प्रसार अनियंत्रित रहता है, तो देश की 20 फीसदी से अधिक पोल्ट्री आबादी के प्रभावित होने और नष्ट होने का खतरा है।
वर्ष 2006 में बर्ड फ्लू के प्रकोप से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया था।
मणिपुर में भी बीमारी के एक प्रकोप के कारण राज्य की GDP के 0.5 प्रतिशत के बराबर नुकसान हुआ था। बर्ड फ्लू सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिहाज से भी चिंता का विषय है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, वर्ष 2003 से अब तक भारत सहित 25 देशों में H5N1 एवियन इन्फ्लुएंजा के 1,003 मानव मामले सामने आए हैं। इनमें 479 लोगों की मौत हुई है।
मनुष्यों में भी संक्रमण के मामले मिले
मंत्रालय ने बताया कि वायरस के अध्ययन से पता चला है कि H5N1 का क्लेड 2.3.2.1A स्वरूप मुर्गियों में बर्ड फ्लू के अधिकांश प्रकोपों के लिए जिम्मेदार रहा है। हाल के समय में इस वायरस से होने वाला संक्रमण स्तनधारियों सहित कई पशु प्रजातियों में भी पाया गया है। इसके अलावा, मनुष्यों में भी संक्रमण के तीन मामले सामने आए हैं।
ऐसे में पोल्ट्री किसानों को होने वाले आर्थिक नुकसान को कम करने और मुर्गियों से दूसरे पशुओं तथा मनुष्यों में वायरस का प्रसार रोकने के लिए इस बीमारी पर नियंत्रण जरूरी है।
केंद्र सरकार ने कहा कि फिलहाल H5N1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1A से सुरक्षा के लिए कोई विशेष व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। ऐसे में भारत के लिए स्वदेशी वैक्सीन विकसित करना महत्वपूर्ण है।
ICAR-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान की ओर से तैयार की गई यह वैक्सीन इसी जरूरत को पूरा करने के उद्देश्य से विकसित की गई है। इसका लक्ष्य देश में फैल रहे H5N1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1A के खिलाफ सुरक्षा प्रदान करना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.