उत्तराखंड मौसम अपडेट: बदरीनाथ में बर्फबारी, आज पहाड़ी जिलों में बारिश के आसार

HIGHLIGHTS
- बदरीनाथ धाम के कपाट कल बंद कर दिए जाएंगे।
- कपाट बंद होने से पहले धाम में बर्फबारी हुई, बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
- मौसम विज्ञान केंद्र ने 15 नवंबर को पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश का अनुमान जताया है।
बदरीनाथ। बदरीनाथ धाम के कपाट कल बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने से पहले आज धाम में बर्फबारी हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे हैं। वहीं, इलाके में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, 16 नवंबर से पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके चलते मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 15 नवंबर को पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। वहीं, 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का अनुमान है। इसके बाद 16 से 20 नवंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा।
इससे पहले नवंबर के दूसरे सप्ताह में 10 नवंबर को देहरादून में गर्मी ने दस साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। इस दिन अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा था।
खास बात यह रही कि करीब दस साल के अंतराल के बाद नवंबर में अधिकतम तापमान फिर से इस स्तर पर पहुंचा। इससे पहले 2 नवंबर 2016 को भी देहरादून का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
मौसम के बदलते मिजाज का प्रभाव केवल दिन के तापमान पर ही नहीं पड़ रहा है, बल्कि रात के न्यूनतम तापमान में भी इजाफा दर्ज किया जा रहा है।
आमतौर पर नवंबर की शुरुआत होते ही रातों में ठंड बढ़ने लगती है और न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आती है। लेकिन इस बार रात के तापमान में उम्मीद के मुताबिक कमी नहीं आई है। इसके चलते सुबह और शाम के समय भी ठंड का असर अपेक्षाकृत कम महसूस हो रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.