देहरादून में पुलिस और गोकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली

HIGHLIGHTS
- देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई।
- ठाकुरपुर रोड पर टी स्टेट के पास चेकिंग के दौरान पल्सर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया।
- आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई।
देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में गोकशी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश कर रही पुलिस की शनिवार देर रात बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। ठाकुरपुर रोड पर टी स्टेट के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने पल्सर बाइक पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। हालांकि, दोनों पुलिस को पिस्तौल दिखाकर वहां से भागने लगे।
पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। इस दौरान दरू चौक से मीठीबेरी की तरफ टी स्टेट इलाके में आरोपियों ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी की पहचान इरशाद (32) पुत्र मोहम्मद जमशेद, निवासी ग्राम खजुनावर, थाना फतेहपुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए प्रेमनगर अस्पताल भेजा गया है। वहीं, फरार आरोपी शमीम निवासी ग्राम गंदेबड़ा, थाना फतेहपुर, सहारनपुर बताया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टी स्टेट क्षेत्र में कांबिंग कर रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि घायल इरशाद ने इसी महीने प्रेमनगर थाना क्षेत्र के टी स्टेट और बिधौली रोड पर गोकशी की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस को घटनास्थल से 315 बोर का एक तमंचा और खोखा कारतूस मिला है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक, एक कुल्हाड़ी, दो छुरी और एक रस्सी भी बरामद की गई है।
मुठभेड़ की जानकारी मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और घायल आरोपी से पूछताछ की। फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार तलाश में जुटी हुई हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.