कर्नाटक: नदी में कूदी महिला पर मगरमच्छ ने किया हमला, पुलिस ने बचाई जान

HIGHLIGHTS
- कुमारधारा नदी में आत्महत्या के इरादे से कूदी महिला।
- पानी में मगरमच्छ ने महिला पर किया हमला।
- चीख सुनकर कर्मचारी ने पुलिस को दी सूचना।
बेंगलुरु। कर्नाटक के उडुप्पी जिले में आत्महत्या करने के इरादे से एक महिला ने कुमारधारा नदी में छलांग लगा दी। इस दौरान नदी में मौजूद मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया। हालांकि, पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
निजी समस्याओं से परेशान थी महिला
पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार रात कुक्के सुब्रह्मण्य में कुमारधारा पुल के पास हुई। बताया गया कि महिला अपनी निजी समस्याओं को लेकर परेशान थी। इसी के चलते उसने जान देने के इरादे से नदी में छलांग लगा दी। इस दौरान पानी में मौजूद एक मगरमच्छ ने उसे काट लिया, जिससे उसे मामूली चोटें आईं।
महिला की चीख सुनकर मौके पर पहुंचे लोग
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मगरमच्छ के हमले के बाद महिला मदद के लिए चिल्लाने लगी। उसकी आवाज सुनकर वहां मौजूद एक कर्मचारी ने सुब्रह्मण्य पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की सहायता से महिला को नदी से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।
काउंसलिंग के बाद परिवार को सौंपा
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने महिला के परिजनों को सूचित किया। महिला की काउंसलिंग कराने के बाद उसे परिवार के साथ घर भेज दिया गया। मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस के अनुसार, परिवार के अनुरोध पर महिला की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.