मैनपुरी में गैस से भरा टैंकर खेत में पलटा, वाल्व टूटने से रिसाव; एक किमी तक यातायात बंद

HIGHLIGHTS
- मथुरा रिफाइनरी से नेपाल जा रहा था गैस टैंकर
- हिमायूंपुर के पास अनियंत्रित होकर खेत में पलटा
- वाल्व क्षतिग्रस्त होने से गैस का रिसाव शुरू
मैनपुरी। मथुरा रिफाइनरी से एक हजार किलो गैस लेकर नेपाल जा रहा कैप्सूल टैंकर मंगलवार सुबह दन्नाहार क्षेत्र में शिकोहाबाद-मैनपुरी मार्ग पर हिमायूंपुर के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे में टैंकर का वाल्व क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस की बदबू फैलने के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक किमी क्षेत्र में वाहनों का आवागमन रोककर राहत कार्य शुरू कराया। टैंकर सोमवार रात करीब 12:30 बजे मथुरा रिफाइनरी से एक हजार किलो गैस लेकर नेपाल के लिए रवाना हुआ था।
मथुरा से नेपाल जाते समय पलटा टैंकर
मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे टैंकर जब दन्नाहार क्षेत्र में गांव हिमायूंपुर के पास शिकोहाबाद-मैनपुरी मार्ग से गुजर रहा था, तभी चालक का नियंत्रण टैंकर से हट गया। अनियंत्रित होकर टैंकर सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गया। इस दौरान टैंकर का वाल्व क्षतिग्रस्त होने से गैस का रिसाव होने लगा।
एक किमी क्षेत्र में वाहनों का आवागमन बंद
गैस की बदबू फैलने पर स्थानीय लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर दन्नाहार इंस्पेक्टर शत्रुंजय कुमार सिंह दमकल विभाग की दो टीमों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने करीब एक किमी क्षेत्र में बैरिकेडिंग कराकर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद करा दिया।
जानकारी मिलने पर एचपी गैस कंपनी के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। टीम की ओर से बचाव और राहत कार्य किया जा रहा है।
दन्नाहार इंस्पेक्टर ने बताया कि टैंकर पलटने से उसका वॉल्व क्षतिग्रस्त हुआ है, जिसके चलते मामूली रूप से गैस का रिसाव शुरू हुआ। मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद करा दिया गया है। दूसरे टैंकर को मौके पर बुलाकर गैस को दूसरे टैंकर में पलटने का काम शुरू कराया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.