मध्य प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 29 आईएएस अधिकारियों के हुए तबादले

भोपाल। महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर बुधवार को राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 29 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस व्यापक बदलाव में मंत्रालय से लेकर मैदानी स्तर तक कई महत्वपूर्ण पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
राजस्व विभाग में प्रमुख सचिव रहे विवेक कुमार पोरवाल को अब खनिज साधन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं मुकेश चंद्र गुप्ता को जेल विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। ई. रमेश कुमार को अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के साथ-साथ राजस्व एवं संबंधित विभागों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
रीवा संभाग के आयुक्त बाबू सिंह जामोद को अब नगरीय विकास एवं आवास विभाग में सचिव नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री के सचिव आलोक कुमार सिंह को पंजीयन महानिरीक्षक एवं अधीक्षक मुद्रांक का दायित्व दिया गया है।
मंत्रालय और फील्ड पोस्टिंग में संतुलन की कोशिश
सरकार ने इस फेरबदल के जरिए मंत्रालय और मैदानी पदस्थापना के बीच संतुलन बनाने का प्रयास किया है। कई वरिष्ठ अधिकारियों को मंत्रालय से फील्ड में भेजा गया है, जबकि कुछ को फील्ड से मंत्रालय में अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं।
नगरीय विकास एवं आवास विभाग के सचिव शैलेंद्र कुमार सिंह को रीवा संभाग का आयुक्त बनाया गया है। वहीं लंबे समय से मैदानी पोस्टिंग की प्रतीक्षा कर रहे कर्मवीर शर्मा को भोपाल संभाग का आयुक्त नियुक्त किया गया है।
प्रमुख बदलाव
अमित तोमर को ऊर्जा विकास निगम के साथ नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। संजीव सिंह को भोपाल आयुक्त से स्थानांतरित कर खेल एवं युवा कल्याण विभाग का सचिव बनाया गया है।
सत्येंद्र सिंह को आदिम जाति विकास से हटाकर पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं नेहा मारव्या सिंह को जनजातीय कार्य विभाग से हटाकर आदिम जाति विकास से संबंधित जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अन्य महत्वपूर्ण तबादले
भास्कर लाक्षकार को कोष एवं लेखा विभाग का आयुक्त बनाया गया है। दिनेश श्रीवास्तव को राज्य निर्वाचन आयोग में सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं मनोज पुष्प को सहकारी संस्थाओं से हटाकर लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में भेजा गया है।
सौरभ कुमार सुमन को पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण से स्थानांतरित कर उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा कई अन्य अधिकारियों के विभागों में भी बदलाव किया गया है, जिनमें स्कूल शिक्षा, ऊर्जा, नगरीय प्रशासन, सहकारिता और ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े पद शामिल हैं।
पूरी सूची में व्यापक बदलाव
सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार, कई अपर सचिव, आयुक्त और उप सचिव स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। यह तबादला सूची प्रशासनिक दक्षता और विभागीय संतुलन को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.