भीषण गर्मी में मेरठ कॉलेज की छात्राओं का हाल बेहाल, लो वोल्टेज से बिगड़ी तबीयत

HIGHLIGHTS
- मेरठ के सरधना स्थित संत जोसेफ गर्ल्स डिग्री कॉलेज में लो वोल्टेज के कारण छात्राओं को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा।
- कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें कक्षाओं से बाहर आकर परिसर में बैठना पड़ा, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
- ऊर्जा निगम ने तकनीकी खराबी ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल की, वहीं एसडीएम ने मामले की जांच के निर्देश दिए।
मेरठ। सरधना कस्बे में थाना के पीछे स्थित संत जोसेफ गर्ल्स डिग्री कॉलेज में शनिवार सुबह लो वोल्टेज की समस्या के कारण छात्राओं को भीषण गर्मी के बीच काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
बिजली का वोल्टेज इतना कम था कि कक्षाओं में लगे पंखे बहुत धीमी गति से चल रहे थे। गर्मी और उमस के कारण कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया।
कॉलेज की प्रोफेसर डॉ. मोनिका शर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह से ही बिजली के एक फेस में खराबी के चलते पूरे परिसर में लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई थी। करीब साढ़े दस बजे तक कक्षाओं में लगे पंखे बेहद धीमी गति से चल रहे थे। इसके कारण तेज गर्मी और उमस से कई छात्राएं असहज हो गईं और उनकी तबीयत खराब हो गई।
स्थिति बिगड़ने के बाद छात्राएं कक्षाओं से बाहर निकलकर परिसर में बैठ गईं। घटना की जानकारी मिलने पर ऊर्जा निगम की टीम मौके पर पहुंची और तकनीकी समस्या को ठीक कर बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी।
वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कॉलेज प्रशासन को तलब किया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार बनी रहने वाली लो वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान कराने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.