द्वारका में नाबालिग की लापरवाही से सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत

नई दिल्ली। द्वारका साउथ इलाके में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पर कहर बरपा दिया। लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास हुई इस टक्कर में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि एक कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कॉर्पियो बिना लाइसेंस चला रहे दसवीं कक्षा के छात्र की बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 11:57 बजे थाने को हादसे की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि स्कॉर्पियो, एक डिजायर कार और एक यामाहा बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में सड़क पर पड़ी थीं। घायलों को तुरंत इंदिरा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बाइक सवार 23 वर्षीय साहिल, निवासी बगडोला गांव, को मृत घोषित कर दिया। डिजायर कार चला रहे अजीत सिंह का इलाज जारी है।
पुलिस ने मौके से स्कॉर्पियो चालक 19 वर्षीय अक्षत सिंह को हिरासत में लिया, जो द्वारका का रहने वाला है। जांच में सामने आया कि वह एक निजी स्कूल में कक्षा 10 का छात्र है और उसके पास वाहन चलाने का वैध लाइसेंस नहीं था। आरोपी के पिता व्यवसाय से जुड़े बताए जा रहे हैं।
प्राथमिक जांच के अनुसार, अक्षत अपनी बहन को उसकी सहेली के घर छोड़ने जा रहा था। वह गुरुद्वारे की दिशा से आ रहा था, तभी सामने से आ रही बस के पीछे से अचानक बाइक निकल आई। इस पर स्कॉर्पियो चालक का संतुलन बिगड़ गया और उसकी गाड़ी पहले बाइक से टकराई, फिर सड़क किनारे खड़ी डिजायर कार से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो का एयरबैग भी खुल गया।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। आरोपी छात्र के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.