SIR के विरोध में विपक्ष का मार्च, दिल्ली में बैरिकेड पर चढ़े सपा सांसद

HIGHLIGHTS
- प्रदर्शनकारी सांसदों को पुलिस ने आरबीआई के सामने रोक दिया।
- सांसदों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया।
- प्रदर्शन के दौरान "वोट चोरों गद्दी छोड़ो" के नारे लगाए गए।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में विपक्षी नेता और सांसद मंगलवार को निर्वाचन सदन की ओर विरोध मार्च निकाल रहे हैं। यह मार्च एसआईआर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के विरोध में किया जा रहा है। विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग कर रहे हैं।
मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कई स्तरों पर मजबूत बैरिकेडिंग की है। इस दौरान विपक्षी सांसदों ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव समेत कई प्रमुख नेता धरने पर बैठ गए।
इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने संसद भवन से निर्वाचन सदन तक मार्च निकालने का ऐलान किया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी। इंडिया गठबंधन के सांसद ज्ञानेश कुमार के कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे।
दिल्ली में पुलिस बैरिकेड पर चढ़े सपा सांसद
पुलिस ने प्रदर्शनकारी सांसदों को आरबीआई के सामने रोक दिया। इसके बाद सभी सांसद सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारी लगातार "वोट चोरों गद्दी छोड़ो" के नारे लगा रहे हैं।
पंत मार्ग, गोल डाकखाना और बाबा खड़क सिंह मार्ग पूरी तरह जाम हो गए हैं। संसद मार्ग को भी चारों तरफ से बंद कर दिया गया है।
समाजवादी पार्टी के सांसद दिल्ली पुलिस की बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। सपा सांसद नीति आयोग कार्यालय के पास लगाए गए बैरिकेड को पार करने की कोशिश करते नजर आए। ये सांसद चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे।
इंडिया ब्लॉक के सांसद चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। बैरिकेडिंग को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारी सांसदों के बीच तनावपूर्ण स्थिति भी बनी हुई है। यह प्रदर्शन देश में चुनाव सुधारों की आवश्यकता पर जोर दे रहा है।
निर्वाचन सदन के आसपास कड़ी सुरक्षा
विरोध मार्च को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शन में कई पार्टियों के नेता और सांसद शामिल हैं। निर्वाचन सदन के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर इंडिया ब्लॉक के नेताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया है। प्रदर्शन के मद्देनजर निर्वाचन सदन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं।
पुलिस स्पीकर के जरिए लगातार लोगों को धारा 163 लागू होने की जानकारी दे रही है। लोगों को बैरिकेड से दूर रहने और किसी भी तरह की गतिविधि नहीं करने की सख्त हिदायत दी जा रही है। भीड़ जुटाने, प्रदर्शन करने या पुलिस के काम में बाधा डालने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी जा रही है।
मौके पर रैपिड एक्शन फोर्स के जवान बड़ी संख्या में तैनात हैं। दिल्ली पुलिस अब हर विरोध प्रदर्शन में बॉडी कैमरा लगाकर ड्यूटी कर रही है।
मार्च के चलते दिल्ली पुलिस ने यातायात एडवाइजरी भी जारी की है। कनॉट प्लेस, पटेल चौक-मुख्य डाकघर, विंडसर प्लेस-मुख्य डाकघर, अशोक रोड, जंतर-मंतर रोड और आसपास के इलाकों में यातायात डायवर्जन किया गया है।
फॉर्म-6 को लेकर चिदंबरम ने उठाए सवाल
मार्च के दौरान कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने फॉर्म-6 में किए गए बदलाव को लेकर भाजपा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा हिंदी या अंग्रेजी नहीं पढ़ सकती।
चिदंबरम के अनुसार, मुख्य न्यायाधीश ने स्पष्ट रूप से कहा था कि फॉर्म-6 में किसी संशोधन को मंजूरी नहीं दी गई है। उन्होंने बताया कि यह बात खुली अदालत में कही गई थी और बार व बेंच ने इसे विधिवत दर्ज किया था।
चिदंबरम ने सवाल किया कि भाजपा इस बात से कैसे इनकार कर सकती है। उन्होंने दावा किया कि फॉर्म-6 में एक नई घोषणा जोड़ी गई है। उनके मुताबिक, यह बदलाव चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। चिदंबरम ने इस मामले को गंभीरता से लेने की बात कही और चुनाव आयोग से स्पष्टीकरण मांगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.